इंडिगो के शेयर में एक लाख का निवेश 2 महीने में घटकर 75,000 रुपये रहा
मुंबई- इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में निवेशकों को खूब घाटा हो रहा है। हालात यह है कि 60 दिन पहले इस शेयर में एक लाख रुपये का किया गया निवेश घटकर अब 75,000 रुपये रह गया है। यानी इस दौरान 25 पर्सेंट का घाटा हुआ है।
इंडिगो का शेयर अभी 4,677.20 रुपये के स्तर पर आ गया है। इंडिगो का प्रदर्शन पिछले करीब 1 साल से ऐसा ही रहा है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज के अनुसार, इस साल अगस्त में शेयर ने जो हाई बनाया था, उससे यह करीब 25 फीसदी टूट चुका है। शेयरों में गिरावट के पीछे प्रमुख वजह वैश्विक संकट के कारण तेल का महंगा होना है जो कंपनी की कमाई पर दबाव डाल रहा है।
जेफरीज का मानना है कि लंबी अवधि में भारतीय विमानन क्षेत्र की बढ़ती मांग का सबसे ज्यादा फायदा उठाने वाली कंपनियों में इंडिगो शामिल हो सकती है। जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में इंडिगो के शेयर के लिए सामान्य स्थिति में 5,840 रुपये का लक्ष्य भाव दिया है। ब्रोकरेज की रिपोर्ट में 4,787 रुपये को शेयर के मार्केट प्राइस के रूप में इस्तेमाल किया गया है। इस लिहाज से जेफरीज का टारगेट प्राइस करीब 22 फीसदी मुनाफे की उम्मीद जताता है।
जेफरीज के मुताबिक, अगर कंपनी के विमानों में यात्रियों की संख्या बढ़ती है और ईंधन का दबाव कम होता है, तो शेयर 6,800 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, अगर संघर्ष लंबा खिंचता है और लागत ज्यादा बनी रहती है, तो शेयर 4,200 रुपये तक गिरने की आशंका भी है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में संघर्ष खत्म होने की उम्मीद बनी थी, लेकिन हालात सामान्य नहीं हुए। इससे कंपनी के लिए टिकट की कीमतें तय करना और उड़ानों की संख्या बढ़ाना मुश्किल हो रहा है। जेफरीज का मानना है कि कंपनी की कमाई में स्थायी सुधार काफी हद तक पश्चिम एशिया में संघर्ष खत्म होने पर निर्भर करेगा। जब तक ईंधन महंगा बना रहेगा, तब तक मुनाफे पर दबाव रह सकता है।
ब्रोकरेज का मानना है कि विमानन कंपनियां अब हवाई किराये का एक नया और ऊंचा स्तर तय करने की कोशिश कर रही हैं। कंपनियों को उम्मीद है कि समय के साथ यात्री महंगे टिकटों के आदी हो जाएंगे। इससे बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालना आसान हो सकता है। हालांकि, अगर महंगे टिकटों के कारण मांग कमजोर बनी रहती है, तो कंपनियों के लिए किराया बढ़ाकर लागत की भरपाई करना मुश्किल हो सकता है।

