पारस हेल्थकेयर का आईपीओ 21 अक्तूबर से, 693 रुपये भाव पर मिलेगा शेयर

मुंबई- गुरुग्राम की पारस हेल्थकेयर का ₹1,450 करोड़ का IPO 21 अक्टूबर से 23 अक्तूबर तक खुलेगा। इसमें ₹500 करोड़ के 72.15 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹950 करोड़ के 1.37 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। प्राइस बैंड ₹660-₹693 प्रति शेयर तय हुआ है। लॉट साइज 21 शेयर है।

कंपनी पारस हेल्थ ब्रांड के तहत हॉस्पिटल चेन चलाती है। पहले पारस हेल्थकेयर ने जुलाई 2024 में IPO पेपर जमा किए थे। उस वक्त पब्लिक इश्यू में ₹400 करोड़ तक के नए शेयर जारी करना और प्रमोटर व इनवेस्टर्स की ओर से 1.49 करोड़ शेयरों का OFS लाया जाना शामिल था।

उस वक्त IPO का साइज लगभग ₹1,000 करोड़ था। SEBI ने अक्टूबर 2024 में IPO पेपर को मंजूरी दी थी। Paras Healthcare IPO के लिए JM फाइनेंशियल, BofA सिक्योरिटीज इंडिया और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट बुक ​रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है। इस पब्लिक इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।

पारस हेल्थकेयर उत्तर भारत, बिहार और झारखंड में 30 जून 2026 तक 8 अस्पतालों के जरिए टर्शियरी और क्वाटरनरी हेल्थकेयर सर्विसेज दे रही थी। इसके अस्पताल गुरुग्राम, पंचकुला, पटना, दरभंगा, कानपुर, उदयपुर, रांची और श्रीनगर में थे। इन अस्पतालों में कुल 2,211 बेड की क्षमता थी। टर्शियरी हेल्थकेयर वह स्तर है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और एडवांस्ड मेडिकल सर्विसेज की जरूरत होती है।

नेटवर्क के विस्तार के तहत पारस हेल्थकेयर ने गुरुग्राम में 300 और लुधियाना में 500 बेड की क्षमता जोड़ने की योजना बनाई है। कंपनी को उम्मीद है कि मार्च 2028 तक उसके अस्पतालों में कुल बेड क्षमता बढ़कर 3,011 हो जाएगी।

पारस हेल्थकेयर का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 478.75 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा 49.68 करोड़ दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर 1,429.49 करोड़ की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025—26 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 24 प्रतिशत ​बढ़कर 1,628.78 करोड़ हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *