केंद्रीय कर्मचारियों को इस बार 5 दिन पहले मिलेगी सैलरी, आज आएगी खाते में

मुंबई- केंद्रीय कर्मचारियों को इस बार तय समय से पांच दिन पहले सैलरी मिलेगी। आज उनके खाते में यह सैलरी आ जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि सोमवार से बैंकों की तीन दिन की हड़ताल है। उसके पहले शनिवार को बैंक बंद रहेगा।

केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग से जुड़े लेखा महानियंत्रक कार्यालय (CGA) ने एक सूचना में कहा, सभी केंद्रीय कर्मचारियों, औद्योगिक श्रमिकों और पेंशनर्स को सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 5 दिन पहले यानी 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को ही जारी कर दी जाएगी। इस बड़े फैसले से देश के करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख से ज्यादा पेंशनर्स सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

यह कदम इसलिए उठाया गया है, क्योंकि 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक पूरे देश में तीन दिनों की बैंक हड़ताल प्रस्तावित है, जिससे बैंकिंग लेन-देन बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है। महीने के आखिरी दिनों में हड़ताल होने की वजह से कर्मचारियों और बुजुर्ग पेंशनर्स के खातों में समय पर पैसा पहुंचने में रुकावट आ सकती थी. सरकार ने वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के परामर्श के बाद समय रहते यह फैसला लिया है और सभी मंत्रालयों व भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को जरूरी दिशा-निर्देश भेज दिए हैं।

ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकि बैंकिंग सेवाओं में रुकावट के कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स को पैसे मिलने में देरी न हो। इस निर्देश के दायरे में डिफेंस, पोस्ट और टेलीकम्युनिकेशन समेत केंद्र सरकार के कर्मचारी शामिल हैं। सरकार ने सिर्फ सैलरी और पेंशन ही नहीं, बल्कि सितंबर के आखिरी दिनों में होने वाले दूसरे बैंक ट्रांजैक्शन और पेमेंट भी 25 सितंबर तक आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) से कहा गया है कि वो सरकार के इन निर्देशों की जानकारी सभी संबंधित पेइंग बैंक ब्रांचों तक पहुंचाए, ताकि पेमेंट समय से पहले प्रोसेस की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *