मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ अदाणी बने देश के सबसे अमीर कारोबारी, यह है कारण

मुंबई- अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी रिलायंस समूह के मुखिया मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ कर देश का सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार अडाणी परिवार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोड़ दिया है।

अदाणी की संपत्ति 13% बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपए हो गई है। मुकेश अंबानी की संपत्ति 10% गिरकर 8.63 लाख करोड़ रुपए हो गई है। वे दूसरे स्थान पर आ गए हैं। लिस्ट में 1,000 करोड़ रुपए या उससे अधिक संपत्ति वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है। इनकी कुल संपत्ति 187.5 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई है।

इस साल सूची में 128 नए लोग जुड़े हैं, जबकि पिछले 5 सालों में 803 नए नाम इसमें शामिल हुए हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में 70% यानी 1,266 लोग ऐसे हैं जिन्होंने खुद के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

सूची में 131 महिलाएं शामिल हैं, पिछले साल संख्या 100 थी। एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला हैं। आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनके परिवार आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति 93% बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपए हो गई है। यूरोप के स्टील ट्रेड प्रोटेक्शन उपायों और स्टील की बढ़ती कीमतों के कारण उनकी संपत्ति बढ़ी है।

वेदांता के अनिल अग्रवाल और उनका परिवार 87% संपत्ति वृद्धि के साथ 2.08 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ 9वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं टॉरेंट फार्मास्युटिकल्स के समीर मेहता और उनका परिवार 52% की बढ़त के साथ 1.89 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति बनाकर पहली बार टॉप 10 में 10वें स्थान पर रहे।

हुरुन रिच लिस्ट में पहली बार AI को एक अलग सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। AI सेक्टर से 19 अमीरों ने लिस्ट में जगह बनाई है, जिनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपए है। इनमें से 15 नए नाम हैं जिन्होंने पहली बार इस सूची में शामिल किया है।

इन 15 नए AI बिजनेस पर्सन ने 1.82 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति जोड़ी है। लिस्ट में जगह बनाने वालों में कंट्रोल एस डेटासेंटर्स, योट्टा, एस्टेरा लैब्स, पैरेलल वेब सिस्टम्स, सर्वम एआई और इमर्जेंट एआई जैसी कंपनियों के प्रमोटर शामिल हैं।

28 साल के तनय कोठारी और सहज गर्ग लिस्ट में सबसे युवा AI बिजनेसमैन एआई कंपनी ‘विस्प्र फ्लो’ के संस्थापक तनय कोठारी और सहज गर्ग लिस्ट में शामिल होने वाले सबसे युवा AI बिजनेस पर्सन बन गए हैं। 28 साल के इन दोनों संस्थापकों में से प्रत्येक की संपत्ति 4,200 करोड़ रुपए आंकी गई है।

भारत में डॉलर अरबपतियों यानी 1 अरब डॉलर से अधिक संपत्ति वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते एक साल में भारत में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं, जिससे कुल संख्या रिकॉर्ड 391 हो गई है। 5 साल पहले भारत में केवल 237 डॉलर अरबपति थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *