एक दिन में ही इस शेयर ने एक लाख रुपये के निवेश को बना दिया 2.37 लाख
मुंबई- अमेरिकी बायोफार्मा और वैक्सीन कंपनी Moderna के शेयरों में बुधवार को जोरदार उछाल आया। यह स्टॉक अमेरिकी बाजार के खुलते ही शुरुआती कारोबार में 120% से ज्यादा उछल गया। शाम 7.38 बजे तक यह 137% के उछाल के साथ 149.63 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था। एक दिन पहले यह 62.96 डॉलर पर बंद हुआ था।
इस तेजी की वजह Moderna और Merck की कैंसर थेरेपी से जुड़ी बड़ी खबर रही। दोनों कंपनियों ने मेलानोमा यानी स्किन कैंसर के इलाज के लिए बनाई गई अपनी नई mRNA थेरेपी के फेज-3 ट्रायल में अच्छे नतीजे मिलने का ऐलान किया। इस थेरेपी का नाम Intismeran Autogene (V940 या mRNA-4157) है। इसे Moderna और Merck मिलकर बना रहे हैं।
यह कोई सामान्य कैंसर की दवा नहीं है। इसे हर मरीज के लिए अलग-अलग तैयार किया जाता है। डॉक्टर पहले मरीज के ट्यूमर में मौजूद खास जेनेटिक बदलावों की पहचान करते हैं। फिर उसी के हिसाब से यह mRNA थेरेपी बनाई जाती है। यह शरीर की इम्यून सिस्टम को सिखाती है कि कैंसर कोशिकाओं को कैसे पहचानना है और उन पर हमला कैसे करना है।
फेज-3 INTerpath-001 ट्रायल में इस थेरेपी को Merck की मशहूर कैंसर दवा KEYTRUDA के साथ दिया गया। इस ट्रायल में दो बड़ी बातें सामने आईं। पहली, इलाज के बाद कैंसर दोबारा लौटने का खतरा कम हुआ। दूसरी, कैंसर के शरीर के दूसरे हिस्सों में फैलने का जोखिम भी घटा। कंपनियों का कहना है कि सिर्फ KEYTRUDA देने के मुकाबले दोनों दवाओं का कॉम्बिनेशन ज्यादा असरदार साबित हुआ।
Moderna और Merck अब यही तैयारी कर रही हैं। दोनों कंपनियां इन नतीजों को एक अंतरराष्ट्रीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस में पेश करेंगी। इसके बाद मंजूरी के लिए आवेदन दाखिल करेंगी। स्टडी की प्रमुख जांचकर्ता प्रोफेसर जॉर्जिना लॉन्ग ने इसे मेलानोमा के इलाज में बड़ी उपलब्धि बताया। उनके मुताबिक पहली बार किसी mRNA आधारित पर्सनलाइज्ड कैंसर थेरेपी ने फेज-3 ट्रायल में इतने मजबूत नतीजे दिए हैं।

