सर्वर-एप डाउन होने से एलपीजी-ईकेवाईसी ग्राहक परेशान, 23 अगस्त अंतिम तिथि
मुंबई- गैस सिलेंडर की ई-KYC कराने की आखिरी तारीख 16 से बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी गई है। इसके बावजूद ऑयल कंपनियों का सर्वर डाउन होने से यह प्रक्रिया ठप्प पड़ गई है। मोबाइल एप्स के ठीक से काम न करने के कारण लोग अभी भी अपना वेरिफिकेशन पूरा कराने के लिए परेशान हो रहे हैं।
काउंटर्स पर काम रुकने के कारण LPG एजेंसियों पर लंबी कतारें लगी हैं। तेल विपणन कंपनियों ने आधार वेरिफिकेशन (e-KYC) की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। अब ग्राहक 23 अगस्त 2026 तक अपनी e-KYC प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। इससे पहले इसकी अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की गई थी।
डीलर्स का कहना है कि डेडलाइन बढ़ने से सिर्फ 7 दिन का समय अतिरिक्त मिला है, लेकिन सिस्टम की तकनीकी कमियां जस की तस हैं। एक बार सर्वर डाउन होने पर पूरे दिन का शेड्यूल खराब हो जाता है। इसके चलते गैस एजेंसियों के काउंटरों पर भारी भीड़ है और बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है।
जब मुख्य सर्वर डाउन होता है या एप का रिस्पॉन्स धीमा होता है, जिससे पूरी प्रक्रिया ठप हो जाती है। ऐसी स्थिति में गैस एजेंसी पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने या सही दस्तावेजों के होने का भी कोई फायदा नहीं मिल पाता। e-KYC के लिए जिस कंपनी का गैस इस्तेमाल कर रहे हैं, उसका ऑफिशियल एप डाउनलोड करें। इंडेन, HP या भारत गैस का एप गूगल प्ले स्टोर पर मिल जाएगा। एप में दिए गए e-KYC के ऑप्शन को चुनकर प्रक्रिया पूरी करें।

