रिलायंस के बाद एसबीआई सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाला संस्थान, रिकॉर्ड 21,121 करोड़ का फायदा

मुंबई- भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.2 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 19,160.44 करोड़ रुपये था। किसी एक तिमाही में बैंक का यह रिकॉर्ड मुनाफा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के जून तिमाही में 23,001 करोड़ रुपये के फायदे के बाद यह सबसे ज्यादा फायदा कमाने के मामले में दूसरा संस्थान है।

बैंक का कुल कारोबार भी पहली बार 110 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। जून 2026 तिमाही के आखिर तक SBI के डिपॉजिट 60,05,805.24 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले ये 54,73,253.70 करोड़ रुपये के थे। एडवांसेज 49,92,003.69 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही के आखिर तक 41,96,205.12 करोड़ रुपये के थे।

बैंक ने शुक्रवार को बताया कि उसकी शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये रही। शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 2.86 प्रतिशत रहा। जून तिमाही में उसकी कुल स्टैंडअलोन इनकम सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत बढ़कर 1,43,819.15 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह 1,35,341.55 करोड़ रुपये थी। ऑपरेटिंग प्रॉफिट बढ़कर 33,529.18 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 30,544.47 करोड़ रुपये था।

बैंक की एसेट क्वालिटी में और सुधार आया है। ग्रॉस NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) रेशियो गिरकर 1.47 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 1.83 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो 0.38 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 0.47 प्रतिशत था। तिमाही आधार पर भी NPA रेशियो में गिरावट है। एसेट्स पर रिटर्न घटकर 1.11 प्रतिशत रह गया, जो जून 2025 तिमाही में 1.14 प्रतिशत था।

SBI के शेयर में 7 अगस्त को तेजी रही। तिमाही नतीजे सामने आने के बाद शेयर BSE पर 3.6 प्रतिशत तक चढ़कर 1124.40 रुपये के हाई तक गया। मार्केट कैप 10.11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक साल में 36 प्रतिशत चढ़ा है। 2 सप्ताह में 8 प्रतिशत की तेजी आई है।

साल-दर-साल (YoY) आधार पर कृषि लोन में 25.43% की बढ़ोतरी हुई, इसके बाद SME लोन में 22.33% और रिटेल पर्सनल लोन में 15.15% की बढ़ोतरी हुई। कॉर्पोरेट लोन में साल-दर-साल 18.05% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विदेशी कार्यालयों के लोन में रुपये के हिसाब से 21.38% और डॉलर के हिसाब से 9.97% की साल-दर-साल बढ़ोतरी हुई।

SBI ने YONO और अपने दूसरे डिलीवरी चैनलों के जरिए अपनी डिजिटल लीडरशिप को मजबूत करना जारी रखा, जिससे ग्राहकों को ज़्यादा सुविधा और बेहतर जुड़ाव मिला। इस तिमाही के दौरान 64% से ज़्यादा सेविंग्स बैंक अकाउंट YONO के जरिए डिजिटल रूप से खोले गए। YONO के 10.5 करोड़ से ज़्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं, जबकि हाल ही में लॉन्च किए गए YONO प्लेटफ़ॉर्म पर रजिस्ट्रेशन लॉन्च के छह महीनों के भीतर ही 5 करोड़ के पार पहुँच गए, जो ग्राहकों द्वारा इसे तेजी से अपनाने को दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *