लीप इंडिया का आईपीओ 7 अगस्त से खुलेगा, कंपनी 2,480 करोड़ रुपये जुटाएगी
मुंबई- केकेआर के निवेश वाली और सप्लाई चेन मैनेजमेंट और एसेट पूलिंग सर्विस देने वाली LEAP India का ₹2,480 करोड़ का IPO 7 अगस्त से निवेशकों के लिए खुलेगा। IPO का प्राइस बैंड 3 अगस्त को घोषित होगा।
निवेशक IPO में 11 अगस्त तक पैसे लगा सकेंगे।। शेयरों का अलॉटमेंट 12 अगस्त तक होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 14 अगस्त को शेयर बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। इस IPO में ₹480 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹2,000 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। OFS के तहत प्रमोटर Vertical Holdings II करीब ₹1,998.62 करोड़ और KIA EBT Scheme 3 करीब ₹1.37 करोड़ के शेयर बेचेंगे।
पहले कंपनी ₹400 करोड़ का फ्रेश इश्यू लाने वाली थी। अब इसे बढ़ाकर ₹480 करोड़ कर दिया गया है। OFS का आकार पहले जैसा ही रखा गया है। LEAP India ने अपने पात्र कर्मचारियों के लिए ₹1.25 करोड़ तक के शेयर रिजर्व रखे हैं।
ग्लोबल निवेश कंपनी KKR की इकाई Vertical Holdings II और Sunu Mathew कंपनी के प्रमोटर हैं। इनकी हिस्सेदारी क्रमशः 73.78% और 21.07% है। LEAP India देशभर में सप्लाई चेन और एसेट पूलिंग सर्विस देती है। कंपनी के पास 1.47 करोड़ से ज्यादा एसेट्स और 10,100 से ज्यादा कस्टमर टचपॉइंट्स हैं।
LEAP India के IPO का बड़ा हिस्सा OFS के जरिए मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बेचने के लिए है। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली राशि में से ₹360 करोड़ का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में किया जाएगा। बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों पर खर्च होगी। जून 2026 तक कंपनी पर कुल ₹1,023.2 करोड़ का कंसोलिडेटेड कर्ज था।
वित्त वर्ष 2025-26 में LEAP India का प्रदर्शन मजबूत रहा। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 66% बढ़कर ₹62.3 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले ₹37.6 करोड़ था। वहीं, रेवेन्यू 56.4% बढ़कर ₹729.5 करोड़ पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष में यह ₹466.5 करोड़ था।

