गोल्ड लोन बाजार में अब टाटा समूह की भी एंट्री, 19.4 लाख करोड़ का मार्केट

मुंबई- देश में गोल्ड लोन मार्केट में बड़ा बदलाव होने वाला है। अब इस बढ़ते मार्केट में टाटा ग्रुप ने भी एंट्री कर ली है। टाटा ग्रुप की फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी टाटा कैपिटल ने केरल की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) योगक्षेमम लोन्स लिमिटेड में बड़ी हिस्सेदारी खरीदने का फैसला किया है। इस डील के साथ टाटा कैपिटल सीधे गोल्ड लोन कारोबार में उतर रही है। माना जा रहा है कि इससे देश के रिटेल लोन मार्केट में कॉम्पिटिशन और बढ़ेगा।

टाटा कैपिटल और योगक्षेमम लोन्स के बीच हुई इस डील में टाटा कैपिटल कंपनी की कुल 88.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। यह हिस्सेदारी नई पूंजी लगाने और मौजूदा शेयरधारकों से शेयर खरीदने के जरिए हासिल की जाएगी। इस डील में योगक्षेमम लोन्स की प्री-मनी इक्विटी वैल्यू 318 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, टाटा कैपिटल कंपनी के कारोबार को बढ़ाने और उसकी ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए करीब 93 करोड़ रुपये की नई पूंजी भी लगाएगी।

डील पूरी होने और जरूरी रेगुलेटरी मंजूरियां मिलने के बाद योगक्षेमम लोन्स, टाटा कैपिटल की सब्सिडियरी यानी सहायक कंपनी बन जाएगी। इस डील के बाद भी योगक्षेमम लोन्स के मौजूदा मैनेजमेंट में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। त्रिशूर में मुख्यालय वाली यह कंपनी पिछले 10 साल से ज्यादा समय से गोल्ड लोन के कारोबार में काम कर रही है। कंपनी के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर उन्नीकृष्णन इडिचर्म वीटिल इस डील के बाद भी बिजनेस की कमान संभालते रहेंगे।

31 मार्च 2026 तक योगक्षेमम लोन्स का कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 708 करोड़ रुपये था। इसमें करीब 85 फीसदी हिस्सा गोल्ड लोन का था। कंपनी की नेटवर्थ 115 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2022 से 2026 के बीच कंपनी का गोल्ड लोन पोर्टफोलियो 25 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ा है। फिलहाल कंपनी केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 162 ब्रांच के जरिए करीब 32,000 गोल्ड लोन ग्राहकों को सेवाएं दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *