एसबीआई म्यूचुअल फंड आईपीओ से जुटाएगा 11,693 करोड़, 574 रुपये है भाव
मुंबई- स्टेट बैंक की सब्सिडियरी SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड पब्लिक इश्यू के जरिए 11,693 करोड़ रुपए तक जुटाएगी। इस IPO के लिए शेयर का प्राइस बैंड 545 रुपए से 574 रुपए तय किया गया है। अनलिस्टेड मार्केट में कंपनी के शेयर करीब 830 रुपए प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। यह इस साल का पहला एक बिलियन डॉलर से बड़ा IPO होगा।
आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जुलाई को खुलेगा। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 1.17 लाख करोड़ रुपए पहुंच जाएगा। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है। इसमें SBI अपनी 6.3% हिस्सेदारी के बराबर यानी 12.83 करोड़ शेयर बेचेगा। इसकी जॉइंट वेंचर पार्टनर अमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी 3.7% हिस्सेदारी के बराबर यानी 7.56 करोड़ शेयर ओपन मार्केट में ऑफलोड करेगी।
वर्तमान में SBI और अमुंडी के पास कंपनी की करीब 98% हिस्सेदारी है। शुरुआत में अमुंडी की यह हिस्सेदारी सोसिते जेनेराल SA के पास थी, जिसे जून 2011 में अमुंडी को ट्रांसफर किया गया था।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर देवाशीष मिश्रा ने कहा, बाजार हमेशा अनिश्चित रहेगा, लेकिन हमारी कंपनी में लोगों का भरोसा हमेशा बना रहेगा। अगर बाजार के हालात मौजूदा स्थिति से भी बदतर होते, तो भी हमारे लॉन्च की टाइमलाइन पर कोई असर नहीं पड़ता।
कंपनी की 2026 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, SBI फंड्स म्यूचुअल फंड बिजनेस में 1.8 करोड़ यूनिक निवेशकों को अपनी सेवाएं देता है और कुल 128 म्यूचुअल फंड स्कीम्स मैनेज करता है। यह कुल 29 लाख करोड़ से अधिक के एसेट के साथ भारत का सबसे बड़ा एसेट मैनेजर है।
वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू ₹4,390 करोड़ रहा। ये वित्त वर्ष 2025 के ₹3,598 करोड़ से 22% ज्यादा है। मुनाफा 21% बढ़कर ₹3,067 करोड़ पहुंच गया जो पहले ₹2,540 करोड़ था। वहीं वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने ₹2,691 करोड़ के रेवेन्यू पर ₹2,073 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था।

