आज शेयर बाजार में 6 एसएमई कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग, इतना होगा फायदा
मुंबई- दलाल स्ट्रीट पर कैलेंडर ईयर 2026 में एक ही दिन में सबसे ज्यादा स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइज (SME) कंपनियों की लिस्टिंग होने जा रही है। मंगलवार, 7 जुलाई को छह कंपनियां अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद शेयर बाजार में लिस्ट होंगी।
शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली कंपनियों में क्राटिकल टेक (Kratikal Tech), विनीत मोबाइल (Vinit Mobile), संपर्क इंडिया लॉजिस्टिक्स (Sampark India Logistics), सीमैक्स रिसोर्सेज (Seemax Resources), अथर्वा पॉलीप्लास्ट (Atharva Polyplast) और तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज (Teja Engineering Industries) शामिल हैं। इन छह कंपनियों ने अपने आईपीओ के जरिए कुल 185.14 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
इन कंपनियों में विनीत मोबाइल और तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म एनएसई इमर्ज (NSE Emerge) पर लिस्ट होगा। वहीं क्राटिकल टेक संपर्क इंडिया लॉजिस्टिक्स, सीमैक्स रिसोर्सेज और अथर्वा पॉलीप्लास्ट की लिस्टिंग बीएसई एसएमई (BSE SME) प्लेटफॉर्म पर होगी।
7 जुलाई को होने वाली ये छह एसएमई कंपनियों की लिस्टिंग इस साल एक ही दिन में सबसे ज्यादा लिस्टिंग का नया रिकॉर्ड बनाएगी। इससे पहले 24 जून को एक दिन में सबसे ज्यादा चार एसएमई कंपनियों – क्ले क्राफ्ट इंडिया (Clay Craft India), दीक्षा पॉलिमर्स (Diksha Polymers), लियोटेक इंडस्ट्रीज (Liotech Industries) और लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज (Leapfrog Engineering Services) – की लिस्टिंग हुई थी। इन चार कंपनियों ने अपने आईपीओ के जरिए कुल 252.55 करोड़ रुपये जुटाए थे।
कैलेंडर ईयर 2026 में अब तक 87 SME कंपनियों ने IPO के जरिए 3,982.49 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसकी तुलना में, इसी दौरान 28 मेनबोर्ड कंपनियों ने प्राइमरी मार्केट से 23,011.61 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
ग्रे मार्केट के रुझानों के मुताबिक, क्राटिकल टेक की शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग होने की उम्मीद है। वहीं अथर्वा पॉलीप्लास्ट और तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज के भी लिस्टिंग के दिन अच्छा मुनाफा देने की संभावना जताई जा रही है।
गैर-सूचीबद्ध बाजार पर नजर रखने वाले सूत्रों के अनुसार, लिस्टिंग से पहले क्राटिकल टेक का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) उसके आईपीओ इश्यू प्राइस से 51.85 फीसदी ऊपर चल रहा था। यदि मौजूदा रुझान बरकरार रहते हैं, तो कंपनी का शेयर 51 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम के साथ शेयर बाजार में लिस्ट हो सकता है।

