अरुण चौहान होंगे अमर उजाला नेशनल न्यूजरूम के प्रमुख, अपूर्व सहित कई और जुड़ेंगे
मुंबई- दैनिक भास्कर के नेशनल न्यूज रूम के हेड अरुण चौहान अब अमर उजाला में नेशनल रूम के प्रमुख होंगे। वे अगले महीने से पदभार संभाल सकते हैं। अरुण चौहान अपने साथ भास्कर की एनएनआर टीम से अपूर्व के साथ कई और लोगों को आगे चलकर अमर उजाला में लेकर आएंगे।
सूत्रों के मुताबिक चौहान का भास्कर प्रबंधन ने इस्तीफा मंजूर कर लिया है और वहां पर उनका फूल एंड फाइनल सेटलमेंट हो चुका है। अमर उजाला के नेशनल न्यूजरूम के प्रमुख और संपादक डॉ. इंदूशेखर पंचोली अगले महीने रिटायर होंगे। हालांकि, उनको प्रबंधन ने सेवा विस्तार दिया है लेकिन वे वर्तमान पद पर नहीं रहेंगे। उनको गांव जंक्शन या किसी और सेगमेंट में भेजा जा सकता है।
उधर खबर है कि अरुण चौहान के आने से अमर उजाला में एक बार फिर से लोग अलग अलग तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि प्रबंधन को अमर उजाला में से ही किसी को प्रमोट करना चाहिए था, लेकिन प्रबंधन ने बाहरी व्यक्ति को लाना पसंद किया है। अरुण चौहान वैसे भास्कर जाने से पहले 2021 में एक साल अमर उजाला में रहे हैं। उससे पहले वे राजस्थान पत्रिका में रहे हैं।
अमर उजाला में इस समय ज्यादातर शीर्ष पदों पर दैनिक भास्कर के लोग ही मौजूद हैं। वाराणसी की संपादक उपमिता वाजपेयी से लेकर नोएडा की टीम और लखनऊ से लेकर अन्य यूनिटों में भास्कर के लोग हैं।

