रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप तीन दिन में एक लाख करोड़ रुपये बढ़ा

मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम शुक्रवार को होनी है। उससे पहले कंपनी का शेयर मंगलवार को कारोबार के दौरान करीब दो फीसदी उछल गया। कंपनी का शेयर 11 जून को 1,253.20 रुपये तक फिसल गया था। यह इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर है।

लेकिन उसके बाद पिछले तीन सत्र में इसमें करीब छह फीसदी तेजी आई है। इस तेजी से कंपनी के मार्केट कैप में करीब 1 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इस बीच मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि कंपनी का शेयर अब भी 38% ऊपर जा सकता है।

इस साल अब तक इस शेयर में 16% की गिरावट आई है। मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर अपनी ओवरवेट रेटिंग बनाए रखी है और इसका टारगेट प्राइस 1,803 रुपये प्रति शेयर तय किया है। सोमवार को जारी अपने नोट में इस इंटरनेशनल ब्रोकरेज ने कहा कि एनर्जी लॉजिस्टिक्स की ज्यादा लागत के बावजूद रिलायंस को ऑयल टू केमिकल्स (O2C) की कमाई को सहारा मिलेगा।

मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि निवेशकों को AI मोनेटाइजेशन और AI डेटा सेंटर में कंपनी के निवेश के नतीजों का इंतजार है। रिलायंस की एजीएम 19 जून को हो रही है। माना जा रहा है कि इसमें कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी एजीएम में टेलीकॉम, रिटेल और न्यू एनर्जी सहित विभिन्न बिजनेसेज के बारे में अपडेट देंगे। रिलायंस का शेयर अभी बीएसई पर 1.87% तेजी के साथ 1331.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप अभी 18 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *