बिग बास्केट के सीईओ का इस्तीफा, अमेजन के अमित नंदा होंगे नए सीईओ
मुंबई- टाटा के ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म बिगबास्केट के को-फाउंडर हरि मेनन ने चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद से इस्तीफा दे दिया है। उधर, अमेजन में 11 साल से ज्यादा समय बिता चुके अमित नंदा अब बिगबास्केट के नए CEO के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
बिगबास्केट में हुए इस बड़े लीडरशिप बदलाव के बावजूद कंपनी के को-फाउंडर हरि मेनन और विपुल पारेख कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे। बिगबास्केट की टॉप लीडरशिप में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब भारतीय बाजार में क्विक कॉमर्स की रेस बेहद तेज हो गई है। वर्तमान में ब्लिंकिट, स्विगी की इंस्टामार्ट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ के बीच बाजार पर कब्जा जमाने की होड़ मची हुई है।
अमेजन खुद इस समय क्विक-कॉमर्स कंपनियों को चुनौती देने की तैयारी कर रही है। इंडस्ट्री से जुड़े लोग ‘अमेजन नाउ’ को इस मार्केट के टॉप टियर में जगह बनाने के लिए एक बेहद आक्रामक दावेदार के रूप में देख रहे हैं। इस्तीफे की घोषणा के साथ ही हरि मेनन ने कहा कि बिगबास्केट को उसकी शुरुआत से लेकर आज देश के सबसे भरोसेमंद कंज्यूमर प्लेटफॉर्म्स में से एक बनाने के बाद, वे अमित नंदा का CEO के रूप में स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं।

