अब एअर इंडिया में फ्री में नहीं मिलेगा खाना, देना होगा पैसा, चाय-कॉफी मुफ्त में
मुंबई- एअर इंडिया ने चुनिंदा घरेलू रूट्स पर एक नई ‘बेसिक’ किराया कैटेगरी की शुरुआत की है। यात्री इन रूट पर कम दाम में यात्रा कर सकते हैं। इकोनॉमी क्लास टिकट में मुफ्त भोजन शामिल नहीं होगा, हालांकि यात्रियों को मुफ्त चाय या कॉफी दी जाएगी।
एयरलाइन ने कहा, इस किराए को अभी ट्रायल बेसिस पर शुरू किया गया है, जो उन यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं। इस ट्रायल से मिलने वाले अनुभवों और ग्राहकों की प्रतिक्रिया की समीक्षा करने के बाद ही कंपनी इस बेसिक किराया सर्विस को भविष्य में स्थायी रूप से लागू करने या आगे बढ़ाने पर कोई अंतिम फैसला लेगी। नई ‘बेसिक’ किराया कैटेगरी के तहत यात्रा करने वाले पैसेंजर्स अपने साथ 15 किलोग्राम तक का चेक-इन बैगेज ले जा सकेंगे। इसके अलावा, उन्हें 7 किलोग्राम तक का केबिन बैगेज अपने साथ एयरक्राफ्ट के अंदर ले जाने की अनुमति होगी।
भले ही इस बेसिक किराए में मुफ्त खाना शामिल नहीं है, लेकिन यात्रियों के पास खाना खरीदने का ऑप्शन रहेगा। बेसिक फेयर बुक करने वाले यात्री फ्लाइट के रवाना होने से 24 घंटे पहले तक अपने लिए भोजन प्री-परचेज कर सकते हैं। एअर इंडिया ने भोजन के रिफंड और ट्रांसफर को लेकर भी नियम स्पष्ट किए हैं।
एयरलाइन के मुताबिक, यदि फ्लाइट के शेड्यूल में कोई बदलाव होता है या यात्री को किसी दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया जाता है, तो पैसेंजर के पहले से खरीदा गया भोजन नई फ्लाइट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। यदि किसी स्थिति में भोजन उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो यात्री को उसके पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे।
एयरलाइन ने साफ किया है कि इस नए ऑप्शन के आने के बाद भी ग्राहकों के पास पुराने किरायों के विकल्प भी मौजूद रहेंगे। यात्री पहले की तरह ही एयरलाइन की मौजूदा वैल्यू, क्लासिक और फ्लेक्स किराया कैटेगरी को बुक करना जारी रख सकते हैं।
एअर इंडिया का कहना है कि यह बेसिक किराया वर्तमान में केवल कुछ चुनिंदा घरेलू रूट्स पर ही उपलब्ध है। जो यात्री इस किराए के तहत टिकट बुक करना चाहते हैं, वे एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप, कॉन्टैक्ट सेंटर और एयरपोर्ट टिकटिंग ऑफिसेज के माध्यम से अपनी बुकिंग करा सकते हैं।

