शेयर बाजार में लंबे समय बाद 1,695 अंकों की तेजी, 10 लाख करोड़ का फायदा

मुंबई- ईरान-अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों से शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 1,695 अंक उछलकर 75,527 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 461 अंक चढ़कर 23,622 के स्तर पर पहुंच गया। रियल्टी, प्राइवेट बैंक, सरकारी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली।

निफ्टी आईटी मामूली रूप से कमजोर हुआ लेकिन इसका मार्केट पर खास असर नहीं पड़ा। सरकारी बैंक, प्राइवेट बैंक के निफ्टी इंडेक्सेज में ढाई-ढाई फीसदी से अधिक की बढ़त रही तो निफ्टी रियल्टी 3.53% की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी ऑटो भी करीब 2% मजबूत हुआ। मार्केट की इस शानदार तेजी से मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़कर 462 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सिर्फ 2 स्टॉक्स- टेक महिंद्रा और पावरग्रिड ही रेड जोन में बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और इंडिगो में रही। बीएसई पर 4422 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 3222 शेयर मजबूत हुए तो 1046 में गिरावट रही जबकि 154 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 102 शेयर एक साल के हाई और 79 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए।

बाजार में तेजी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बयान रहा। ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई ने एक नए समझौते को मंजूरी दे दी है। उनके मुताबिक, इस समझौते के तहत ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा और डील होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य को भी खोल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *