मुकेश अंबानी ने डिविडेंड से कमाया 3,996 करोड़ रुपये, इस तरह से हुई कमाई
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) में सैलरी, अलाउंस, भत्ते और रिटायरल बेनिफिट्स पूरी तरह जीरो रहे। इस समय उनकी कमाई का मुख्य जरिया कंपनी से मिलने वाला डिविडेंड (लाभांश) ही है।
69 साल के मुकेश अंबानी ने जून 2020 में कोरोना महामारी के दौरान देश के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक स्वास्थ्य पर पड़े असर को देखते हुए अपनी पूरी सैलरी छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने तय किया था कि जब तक रिलायंस के सभी बिजनेस अपनी पूरी कमाई की क्षमता पर वापस नहीं आ जाते, तब तक वह कोई वेतन नहीं लेंगे।
इसके बाद से उन्होंने वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23, 2023-24, 2024-25 और अब 2025-26 में भी बिना सैलरी के काम करना जारी रखा है। भले ही मुकेश अंबानी चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) के तौर पर कोई वेतन, अलाउंस या स्टॉक ऑप्शंस नहीं ले रहे हैं, लेकिन दुनिया के 22वें सबसे अमीर इंसान की कमाई का मुख्य जरिया डिविडेंड है।
मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत नेटवर्थ इस समय करीब ₹8.83 लाख करोड़ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹6 प्रति शेयर के डिविडेंड की घोषणा की है। मुकेश अंबानी के पास निजी तौर पर रिलायंस के 1.61 करोड़ शेयर हैं, जिससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से ₹9.66 करोड़ की डिविडेंड इनकम होगी।
इसके अलावा, उनके नियंत्रण वाली प्रमोटर ग्रुप कंपनियों के पास रिलायंस के 664.5 करोड़ शेयर (50.07% हिस्सेदारी) हैं, जिससे प्रमोटर ग्रुप को ₹3,987 करोड़ की डिविडेंड कमाई हुई है। कुल मिलाकर यह रकम ₹3,996.66 करोड़ बैठती है।
मुकेश अंबानी के चचेरे भाई निखिल और हितल मेसवानी के वेतन में कोई बदलाव नहीं हुआ है और दोनों को ₹25-25 करोड़ का पारिश्रमिक मिला है। इसमें ₹10 करोड़ सैलरी और अलाउंस, ₹44 लाख रिटायरल बेनिफिट्स और ₹14.56 करोड़ प्रॉफिट पर मिलने वाला कमीशन शामिल है। वहीं, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर P M S प्रसाद का पैकेज वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹19.96 करोड़ से बढ़कर ₹20.58 करोड़ हो गया है।

