इस शेयर का भाव जा सकता है 220 रुपये के पार, जानिए कितना मिलेगा फायदा
मुंबई- बाजार में कमजोरी के बावजूद निवेशकों की दिलचस्पी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी IGL के शेयर में बनी हुई है। इसकी वजह कंपनी के हालिया तिमाही नतीजे, बढ़ती गैस बिक्री, नए घरेलू कनेक्शन और आने वाले समय के ग्रोथ प्लान माने जा रहे हैं।
दिल्ली-NCR में CNG और पाइप्ड गैस सप्लाई करने वाली IGL अब तेजी से नए इलाकों में भी अपना कारोबार बढ़ा रही है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में घरेलू PNG कनेक्शन और CNG की मांग तेजी से बढ़ेगी। यही वजह है कि बाजार की नजर इस शेयर पर टिकी हुई है।
IGL मैनेजमेंट को उम्मीद है कि FY27 के अंत तक कंपनी की कुल गैस वॉल्यूम बढ़कर 10.6 से 10.7 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रतिदिन तक पहुंच सकती है। कंपनी का अनुमान है कि CNG कारोबार में 10 से 13 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं घरेलू PNG कारोबार में 20 प्रतिशत से ज्यादा की ग्रोथ आने की उम्मीद जताई गई है। अगर ऐसा होता है, तो आने वाले समय में कंपनी की कमाई और बाजार हिस्सेदारी दोनों मजबूत हो सकती हैं।
कंपनी के नतीजों के बाद अलग-अलग ब्रोकरेज हाउस ने शेयर पर अपनी राय दी है। मोतीलाल ओसवाल ने IGL पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और शेयर का टारगेट प्राइस 220 रुपये रखा है। मौजूदा स्तर से यह करीब 40 प्रतिशत तक की संभावित तेजी का संकेत देता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ, बेहतर डिविडेंड यील्ड और आने वाले वर्षों में कमाई में तेजी शेयर को सपोर्ट कर सकती है।
दूसरी तरफ Nuvama ने शेयर पर REDUCE रेटिंग दी है और 148 रुपये का टारगेट रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि गैस सेक्टर में सरकारी नीतियों से जुड़ी अनिश्चितता बनी हुई है। इसी वजह से सेक्टर की वैल्यूएशन पर दबाव है। Emkay ने शेयर पर ADD रेटिंग दी है और 180 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। ब्रोकरेज का मानना है कि निकट अवधि में मार्जिन पर दबाव रह सकता है, लेकिन लंबी अवधि में कंपनी की ग्रोथ मजबूत बनी रह सकती है।

