मैगी के पैकेट में मिले कीड़े, नेस्ले को नोटिस, प्रोडक्ट बाजार से हटाने का आदेश
मुंबई- भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मैगी में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद नेस्ले कंपनी को नोटिस भेजा है। FSSAI ने कंपनी से जवाब मांगा है और तुरंत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) देने को कहा है। मैगी के जिस बैच को लेकर शिकायत मिली है, FSSAI ने उसे बाजार से तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा, साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों को लेकर फास्ट-फूड चेन KFC को भी नोटिस जारी किया गया है।
उधर, खजूर के एक प्रोडक्ट में कीड़े मिलने की शिकायत पर फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट से भी जवाब तलब किया गया है। FSSAI का कहना है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी कंपनियों से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नेस्ले को बताना होगा कि जिस बैच में शिकायत मिली, उसका कच्चा माल किस सप्लायर से आया था। साथ ही पैकेट बाजार में भेजने से पहले उसकी क्वालिटी जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड देने होंगे।कंपनी को जानकारी देनी होगी कि शिकायत वाले बैच या उससे जुड़े संभावित प्रभावित उत्पादों को बाजार और सप्लाई चेन से हटाने के लिए उसने तत्काल क्या कदम उठाए हैं।
नेस्ले इंडिया ने मैगी में कीड़े मिलने के आरोपों को खारिज किया है। उसके प्रवक्ता ने कहा, ‘हम एक अनवेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट के आधार पर मीडिया में चल रहे कीड़े या इन्फेस्टेशन के आरोपों को पूरी तरह नकारते हैं। शिकायत करने वाले का अकाउंट अनरीचेबल (संपर्क से बाहर) होने के कारण हमें अभी तक शिकायत वाला सैंपल नहीं मिल सका है।”
नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी के सभी प्लांट्स में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के सख्त मानकों का पालन किया जाता है। कंपनी ने संबंधित बैच और बाजार से लिए गए सैंपल की जांच कराई है। साथ ही FSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में भी परीक्षण कराया गया, जिसमें किसी भी तरह के कीड़े या संक्रमण के प्रमाण नहीं मिले।
यह मामला नेस्ले के लिए इसलिए संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि मैगी कंपनी के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा बिकने वाले ब्रांड्स में से एक है। साल 2015 में भी मैगी बड़ा विवाद झेल चुकी है। तब FSSAI ने मैगी में तय सीमा से ज्यादा लेड (सीसा) और MSG लेबलिंग से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई करते हुए इसे बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया था।

