स्टारबक्स 300 लोगों की करेगी छंटनी, पिछले कुछ सालों में कई बार हुई कटौती

मुंबई- कॉफी हाउस चेन स्टारबक्स छंटनी कर रही है। अभी यह अमेरिकी कर्मचारियों तक ही सीमित है। लेकिन हो सकता है कि आगे चलकर अमेरिका के बाहर भी जॉब कट हों। फिलहाल कंपनी अपने क्षेत्रीय सपोर्ट ऑफिसेज में 300 अमेरिकी कॉरपोरेट कर्मचारियों को निकाल रही है।

स्टारबक्स टिकाऊ, मुनाफे वाली ग्रोथ की राह पर लौटना चाहती है। कंपनी अमेरिका में अपने कुछ क्षेत्रीय सपोर्ट ऑफिसेज को एक साथ मिला रही है और अटलांटा, बरबैंक, शिकागो और डलास सहित कुछ कार्यालयों को बंद कर रही है।

कंपनी का यह भी कहना है कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों का भी रिव्यू कर रही है। स्टारबक्स का अनुमान है कि अमेरिका के बाहर भी नौकरियों में और कटौती की जा सकती है।

कंपनी के मुताबिक, ये कदम फोकस को और तेज करने, प्राथमिकताएं तय करने, जटिलता को कम करने और लागत घटाने के चल रहे प्रयासों का हिस्सा हैं। इन कदमों का उसके कॉफीहाउस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। स्टारबक्स का अनुमान है कि छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस बेनिफिट्स (छंटनी पर मिलने वाला मुआवजा) पर लगभग 12 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा।

कंपनी अपनी कुछ अचल संपत्तियों (रियल एस्टेट) की बुक वैल्यू में 28 करोड़ डॉलर की कटौती भी कर रही है। ये संपत्तियां मुख्य रूप से उसके रिजर्व और रोस्टरी लोकेशन, और साथ ही कुछ नॉन-रिटेल सपोर्ट फैसिलिटीज से संबंधित हैं।

हाल की तिमाहियों में स्टारबक्स की लागत में बढ़ोतरी हुई है। इसकी वजह है कि CEO ब्रायन निकोल एक ऐसी सुधार रणनीति पर काम कर रहे हैं, जिसका फोकस कॉफीहाउस के संचालन पर है। इस रणनीति के तहत अतिरिक्त बैरिस्टा स्टाफ (कॉफी बनाने वाले कर्मचारियों) की भर्ती पर भारी निवेश किया गया है। 2024 के आखिर में यह सुधार प्रक्रिया शुरू हुई थी। तब से कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन गिरकर लगभग आधा रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *