वियतनाम की कंपनी विनफास्ट भारत में चलाएगी टैक्सी, 40,000 रुपये सैलरी

मुंबई- वियतनाम की इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी विनफास्ट (VinFast) ने देश के टैक्सी बिजनेस में भी कदम रख दिया है। विनफास्ट ने भारत में Green SM (ग्रीन एसएम इंडिया) नाम से अपनी इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा की शुरुआत की है। इस नए बिजनेस के तहत कंपनी उत्तर भारत में 10,000 विनफास्ट लिमो ग्रीन (VinFast Limo Green) इलेक्ट्रिक एमपीवी (MPV) कारें उतार रही है। cartoq के मुताबिक कंपनी ने इसके लिए ड्राइवरों की भर्ती भी शुरू कर दी है। कंपनी की इस एंट्री से ओला-उबर को कड़ी टक्कर मिलेगी।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो के अनुसार, ग्रीन एसएम कंपनी भारत में 10,000 इलेक्ट्रिक कारों के साथ बड़े पैमाने पर कदम रख रही है। इसके लिए कंपनी ड्राइवरों को नौकरी पर रख रही है, जिन्हें प्रति महीने 35,000 रुपये से 40,000 रुपये तक की सैलरी दी जा रही है। कंपनी आने वाले समय में ग्रीन एसएम भारत में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकल सेगमेंट में भी उतरने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए करीब 1,00,000 से अधिक यूनिट्स का प्लान तैयार किया गया है।

भारत में इस बिजनेस को संभालने वाली कंपनी का नाम ग्रीन एसएम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है, जिसका रजिस्टर्ड ऑफिस गुरुग्राम (हरियाणा) में है। कंपनी की अधिकृत पूंजी 254 करोड़ रुपये है। माना जा रहा है कि कारों और बाइक्स की कीमत इस पूंजी में शामिल नहीं है, क्योंकि ये गाड़ियां पैरेंट कंपनी विनफास्ट से लीज पर ली जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *