इस महीने या जून में जियो फाइल कर सकती है आईपीओ का मसौदा, जानिए कारण
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज के डिजिटल आर्म ‘जियो प्लेटफॉर्म्स’ ने आकाश अंबानी को मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति कंपनी के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) से ठीक पहले की गई है। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, आकाश अंबानी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गया है और वे अगले 5 साल तक इस पद पर रहेंगे।
जियो प्लेटफॉर्म्स मई के अंत या जून के महीने में अपने IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स (DRHP) फाइल कर सकती है। आकाश अंबानी को एमडी बनाने के फैसले को इसी लिस्टिंग की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। कंपनी अपनी लीडरशिप टीम को मजबूत कर निवेशकों को एक स्पष्ट विजन देना चाहती है।
आकाश अंबानी अक्टूबर 2014 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम (RJIL) के बोर्ड का हिस्सा हैं। वे ग्रुप की डिजिटल और टेलीकॉम स्ट्रैटेजी को करीब से देखते रहे हैं। जून 2022 में उन्हें रिलायंस जियो इन्फोकॉम का चेयरमैन बनाया गया था। अब जियो प्लेटफॉर्म्स के एमडी के रूप में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी, क्योंकि यह कंपनी रिलायंस के पूरे डिजिटल इकोसिस्टम को कंट्रोल करती है।

