एयरटेल का मुनाफा 34 प्रतिशत गिरा, लेकिन प्रति शेयर 24 रुपये का देगी डिविडेंड
मुंबई- टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल को मार्च तिमाही में 6,065 करोड रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 11,021 करोड़ की तुलना में यह 34 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद कंपनी ने 24 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का फैसला किया है।
कंपनी का टैक्स से पहले का प्रॉफिट 36% बढ़कर 13,205 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 9,724 करोड़ रुपये था। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 16% बढ़कर 55,383 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 47,876 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि ज्यादा ग्राहक जुड़ने और लोगों के महंगे प्लान्स में अपग्रेड होने से कमाई बेहतर हुई। एयरटेल ने कहा कि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 2,892 करोड़ रुपये का नेट टैक्स गेन मिला था। इसी वजह से उस समय मुनाफा ज्यादा दिखा था।
एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए काफी अहम साल रहा। इस दौरान एयरटेल ने 650 मिलियन ग्राहकों का आंकड़ा पार किया। कंपनी ने टेल्को ग्रेड सॉवरेन क्लाउड लॉन्च किया, RBI से अपनी सब्सिडियरी के जरिए लेंडिंग बिजनेस शुरू करने की मंजूरी हासिल की और डेटा सेंटर नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया।
एयरटेल की हर ग्राहक से औसत कमाई यानी ARPU 257 रुपये रहा, जिसे टेलीकॉम सेक्टर में मजबूत माना जा रहा है। एयरटेल ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले हर फुली पेड इक्विटी शेयर पर 24 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। वहीं, जिन शेयरों पर पूरी रकम जमा नहीं हुई है, उन पर 6 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड मिलेगा।

