EPFO का नया सिस्टम: मई से शुरू होगी UPI से पैसे निकालने की सुविधा
मुंबई- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब अपने मेंबर्स के लिए एक बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत मई के आखिर तक UPI से जुड़ी निकासी की सुविधा शुरू हो जाएगी। पहले यह सुविधा मार्च के अंत तक शुरू करने की योजना थी, लेकिन यूजर टेस्टिंग के कारण इसमें देरी हो गई है।
EPFO अपना पूरा पुराना कंप्यूटर सिस्टम बदल रहा है और नया केंद्रीकृत IT सिस्टम CITES 2.0 तैयार कर रहा है। इससे UPI के जरिए मेंबर्स अपने PF खाते से पैसे सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकेंगे। CITES 2.0 छह अलग-अलग मॉड्यूल पर आधारित है। इनमें मेंबर्स के खाते, एम्प्लॉयर्स की फाइलिंग, दावे, पेंशन, फाइनेंस और अंत में शिकायत व अनुपालन (Compliance) का मॉड्यूल शामिल है। अभी तक पांच मॉड्यूल का काम पूरा हो चुका है।
अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने के लिए दो दिन का समय लगेगा, जिसके चलते उस दो दिन सिस्टम में कोई ट्रांजेक्शन नहीं हो पाएगा। इस दो दिन ‘शटडॉउन’ जैसा रहेगा। इस दौरान मेंबर न तो दावा कर पाएंगे और न ही कोई अन्य काम। यह बंदी शायद किसी वीकेंड पर रखी जाएगी, ताकि लोगों को कम असुविधा हो।
नए सिस्टम के साथ EPFO अपना खुद का मोबाइल ऐप भी लाएगा। यह ऐप UMANG ऐप से अलग होगा और सीधे यूजर्स के बैंक अकाउंट से जुड़ा होगा। इस ऐप को BHIM समेत अन्य UPI प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। फिलहाल EPFO के पुराने सिस्टम में कई दिक्कतें हैं। क्लेम में देरी, मेंबर्स के डेटा में गलतियां और नौकरी बदलने पर अकाउंट ट्रांसफर में मुश्किलें आम हैं। नया सिस्टम इन सभी समस्याओं को दूर करने की कोशिश करेगा।

