वेदांता के पावर प्लांट में बड़ा हादसा, हुआ बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की मौत
मुंबई- दिग्गज माइनिंग कंपनी Vedanta Ltd के पावर प्लांट में मंगलवार (14 अप्रैल) को बड़ा हादसा हो गया। यह पावर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंहितराई इलाके में है। इसमें बॉयलर फटने से कम से कम 9 मजदूरों की मौत हो गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वेदांता के प्रवक्ता के मुताबिक, ’14 अप्रैल 2026 की दोपहर सिंहितराई प्लांट के एक बॉयलर यूनिट में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। इसमें हमारे सब-कॉन्ट्रैक्टर NGSL के कर्मचारी शामिल थे, जो इस यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं।
कंपनी ने कहा कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज और हर जरूरी मेडिकल सहायता देना है। इसके लिए कंपनी मेडिकल टीम और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय कर रही है। Vedanta ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित अधिकारियों और पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी गई है।
अनिल अग्रवाल के मालिकाना हक वाली Vedanta Ltd डायवर्सिफाइड नेचुरल रिसोर्सेज कंपनी है। इसका बिजनेस माइनिंग और मेटल्स से लेकर ऑयल एंड गैस तक फैला हुआ है। कंपनी जिंक, एल्युमिनियम, कॉपर, आयरन ओर जैसे मेटल्स का उत्पादन करती है। साथ ही क्रूड ऑयल और गैस के एक्सप्लोरेशन में भी शामिल है।

