पिचाई दुनिया में नंबर-1 भारतीय लीडर, अल्फाबेट का मूल्य 395 लाख करोड़ पहुंचाया

मुंबई- गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा तीसरे स्थान पर हैं।

गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने माइक्रोसॉफ्ट को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है। 2024 के बाद से अल्फाबेट की मार्केट वैल्यू दोगुनी यानी 98% बढ़ गई है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट की वैल्यू 17% गिर गई है। इसी वजह से सुंदर पिचाई आगे निकल गए हैं।

रिसर्च फर्म हुरुन की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाली रफ्तार संजय मेहरोत्रा की कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी ने दिखाई। AI चिप्स की मांग के चलते इसकी वैल्यू 1,174% बढ़कर 131.65 लाख करोड़ रुपए हो गई है। इस टॉप-5 लिस्ट में यूट्यूब के नील मोहन और गूगल क्लाउड के थॉमस कुरियन भी शामिल हैं। इन शुरुआती 5 कंपनियों की कुल वैल्यू करीब 855.82 लाख करोड़ रुपए है।

हुरुन के मुताबिक, दुनियाभर की 200 बड़ी कंपनियों की कमान 236 भारतीय लीडर्स संभाल रहे हैं। ये 200 कंपनियां दुनियाभर में 53 लाख लोगों को रोजगार दे रही हैं। इनकी कुल वैल्यू 1410 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई है, जो 2024 से 53% ज्यादा है।

इस बार पहली बार AI को एक अलग इंडस्ट्री के तौर पर लिस्ट में शामिल किया गया है। इसमें 18 कंपनियां हैं, जिनकी कुल वैल्यू करीब 21.35 लाख करोड़ रुपए है। लिस्ट की 200 में से 103 कंपनियां AI-ड्रिवन या AI-इंटीग्रेटेड हैं, जिनकी वैल्यू करीब 1006.18 लाख करोड़ रुपए है।

खास बात यह है कि टॉप-10 सबसे वैल्यूएबल स्टार्टअप्स में से 7 कंपनियां AI से जुड़ी हैं और इन सभी के हेडक्वार्टर अमेरिका में हैं। विदेशों में बड़ी कंपनियां चला रहे भारतीय मूल के ज्यादातर लीडर्स अमेरिका में रहते हैं। यहां 177 लीडर्स हैं, जिनमें से 91 सिर्फ कैलिफोर्निया राज्य में और 40 सैन फ्रांसिस्को शहर में रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *