लगातार तीसरे महीने एसआईपी निवेश 32,000 करोड़ के पार, खुदरा निवेशक लगा रहे पैसे

मुंबई- म्यूचुअल फंड के एसआईपी में निवेशकों का रुझान तेज बना हुआ है। लगातार तीसरे महीने अक्तूबर में एसआईपी का निवेश 32000 करोड़ रुपये के पार हो गया है। हालांकि, अक्तूबर में एसआईपी के जरिए म्यूचुअल फंड निवेश हल्की गिरावट के साथ 32,160 करोड़ रुपये रहा। सितंबर में यह 32,490 करोड़ रुपये और अगस्त में 32,297 करोड़ रुपये था।

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के मुताबिक, निवेशकों की भागीदारी मजबूत बनी हुई है। अक्टूबर में लगभग 10 करोड़ SIP खातों के जरिए ₹32,160 करोड़ का निवेश आया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 8.9% ज्यादा है। पिछले साल अक्टूबर में एसआईपी निवेश 29,529 करोड़ रुपये था। यह लगातार तीसरा महीना है जब SIP के जरिए निवेश 32,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

अक्टूबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में 1.74 लाख करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया, जिससे एयूएम बढ़कर 83.39 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह पिछले महीने के मुकाबले 0.9% की वृद्धि है। इंडस्ट्री में 15.80 लाख नए फोलियो जुड़े, जिससे कुल फोलियो की संख्या 28.78 करोड़ हो गई। इक्विटी म्यूचुअल फंड में 32,994 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया, जो लगातार 68वें महीने पॉजिटिव नेट फ्लो को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *