क्रेडिट कार्ड से लोग ज्यादा कर रहे हैं खर्च, 2.04 लाख करोड़ रुपये के पार हुआ

मुंबई- इस साल सितंबर में क्रेडिट कार्ड के खर्च में बीते साल के उच्च आधार के कारण गिरावट आई। यह सितंबर में बीते साल की तुलना में 5.9 प्रतिशत गिरकर 2.04 लाख करोड़ रुपये रह गया। यह फरवरी, 2021 के बाद से सालाना आधार पर पहली गिरावट है।

विश्लेषकों के अनुसार सितंबर 2025 में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कटौती और उस साल त्योहारों की जल्दी शुरुआत होने की वजह से क्रेडिट कार्ड खर्च में बढ़ोतरी हुई थी।

इस साल त्योहारों की सेल अक्टूबर में शुरू हो रही है। इसलिए इस दौरान खर्च में तेजी आने की संभावना है। सितंबर में कार्ड से ऑनलाइन खर्च सालाना आधार पर 12.5 प्रतिशत घटकर 1.26 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पहले 1.44 लाख करोड़ रुपये था। वहीं, पॉइंट ऑफ सेल खर्च सालाना आधार पर 7.18 प्रतिशत बढ़कर 77,751.47 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 72,543.89 करोड़ रुपये था।

जीएसटी परिषद ने सितंबर, 2025 के आखिर में अलग-अलग क्षेत्रों में दरों को तर्कसंगत करने की घोषणा की थी। यह कदम उस साल के त्योहारी सीजन के साथ मेल खा गया। इससे उस महीने में कुल खर्च बढ़कर 2.17 लाख करोड़ रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। लिहाजा सितंबर, 2025 में सितंबर, 2024 की तुलना में खर्च में लगभग 23 प्रतिशत और अगस्त, 2025 की तुलना में 13.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

केयरएज के विश्लेषकों ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘सितंबर, 2026 में क्रेडिट कार्ड से होने वाला खर्च सालाना आधार पर 5.9 प्रतिशत घटकर 2.04 लाख करोड़ रुपये रह गया। यह फरवरी 2021 के बाद पहली गिरावट है। इसका मुख्य कारण पिछले साल का उच्च आधार है। सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती लागू होने और महीने के आखिरी हफ्ते में त्योहारी ऑनलाइन सेल शुरू हुई थी। इससे अगस्त, 2025 की तुलना में सितंबर, 2025 खर्च में 13.3 प्रतिशत का उछाल आई थी।

सबसे बड़े क्रेडिट कार्ड जारीकर्ता एचडीएफसी बैंक के खर्च में सालाना आधार पर 7.52 प्रतिशत और मासिक आधार पर 6.22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे यह 65,139.72 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, एकल क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी एसबीआई कार्ड्स के खर्च में सालाना आधार पर 14.09 प्रतिशत की गिरावट आई और इसमें मासिक आधार पर लगभग 1.2 प्रतिशत की कमी देखी गई, जिससे खर्च घटकर 34,895 करोड़ रुपये रह गया।

आईसीआईसीआई बैंक के खर्च में सालाना आधार पर 26.26 प्रतिशत और मासिक आधार पर 4.4 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे यह 30,911.48 करोड़ रुपये रह गया। प्रमुख निजी बैंक ऐक्सिस बैंक के खर्च में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की कमी आई, लेकिन मासिक आधार पर इसमें 1.95 प्रतिशत का सुधार हुआ और यह 23,148.67 करोड़ रुपये हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *