सुजलॉन का शेयर 3 महीने में 30 पर्सेंट टूटा, अब आ सकता है यह भाव
मुंबई- एक समय तेज रफ्तार से दौड़ चुका सुजलॉन एनर्जी का शेयर अब लगातार बिकवाली के दबाव में है। पिछले तीन महीने में इस शेयर में करीब 30 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। शुक्रवार को भी कंपनी के शेयर एक फीसदी से ज्यादा टूट गए। यह कमजोरी ऐसे समय में आई है, जब कंपनी भारत की बड़ी संभावना वाले बाजार पर अपना फोकस बढ़ा रही है।
इस कंपनी का शेयर पिछले हफ्ते 7 फीसदी से ज्यादा टूटा है। दो हफ्तों में 8.97 फीसदी और एक महीने में 13.92 फीसदी की गिरावट आई है। पिछले तीन महीने में स्टॉक 29.60 फीसदी गिर चुका है। साल की शुरुआत से अब तक इसमें 23.41 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। इससे पता चल रहा है कि कंपनी के शेयरों में दबाव बना हुआ है।
सुजलॉन ग्रुप के वाइस चेयरमैन और को-फाउंडर गिरीश तांती ने कहा कि भारत में रिपावरिंग की संभावित क्षमता करीब 30 GW और यूरोप में 50 GW हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस पर अब तक बहुत कम ध्यान दिया गया है।
तांती ने यह भी कहा कि भारत 2030 तक 100 GW विंड एनर्जी क्षमता का लक्ष्य हासिल कर सकता है। हालांकि इसके लिए देश को अपने पावर ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार में तेजी लाने की जरूरत है। इसके साथ ही रिन्यूएबल एनर्जी के लिए नीलामी की प्रक्रिया को लगातार बनाए रखना होगा।

