टाटा समूह की इस कंपनी के शेयर में मिल सकता है 27 पर्सेंट का रिटर्न, यह है भाव
मुंबई- ब्रोकरेज फर्म ICICI Securities ने टाटा ग्रुप के Tata Steel के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि यह शेयर 235 रुपये तक जा सकता है। इसका मतलब मौजूदा भाव 185 रुपये की तुलना में इसमें 27 पर्सेंट का फायदा मिल सकता है। यानी एक लाख रुपये का निवेश 1.27 लाख रुपये बन सकता है।
कंपनी का भारतीय कारोबार मजबूत बना हुआ है। वहीं, यूरोप के कारोबार में सुधार का इंतजार है। Tata Steel ने सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड EBITDA ₹10,533 करोड़ दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही से 18% ज्यादा है। पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें 14% की बढ़ोतरी हुई। कंसोलिडेटेड एडजस्टेड नेट प्रॉफिट ₹3,317 करोड़ रहा। इसमें सालाना आधार पर करीब 6% की गिरावट आई। हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले मुनाफा 25% बढ़ा।
ICICI Securities के मुताबिक, Tata Steel को दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत में स्टील की कीमतों में सुधार और ज्यादा बिक्री से कंपनी को फायदा मिल सकता है। मैनेजमेंट को तीसरी तिमाही में स्टील की रियलाइजेशन यानी बिक्री से मिलने वाली कीमत में ₹3,500 से ₹3,600 प्रति टन की बढ़ोतरी की उम्मीद है। हालांकि, कोकिंग कोल की लागत में करीब 15 डॉलर प्रति टन का इजाफा हो सकता है।
कंपनी अपने विस्तार पर भी काम कर रही है। NINL में 48 लाख टन क्षमता का विस्तार FY30 तक शुरू होने का लक्ष्य है। इसके अलावा, कंपनी FY27 में ₹7,000 करोड़ की लागत बचत करना चाहती है। Tata Steel के ब्रिटेन कारोबार में अभी नुकसान जारी है। नीदरलैंड में भी प्रोडक्शन और बिक्री बढ़ने से सुधार हो सकता है।

