म्यूचुअल फंड का फोलियो बढ़कर 28 करोड़ के पार, सालाना 13 पर्सेंट से ज्यादा तेजी
मुंबई- म्यूचुअल फंड उद्योग के फोलियो में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। कुल फोलियो की संख्या अब 28.62 करोड़ हो गई है। यानी सालाना 13.6 प्रतिशत की दर से इसमें तेजी आई है। इसमें सबसे ज्यादा नए खाते इक्विटी आधारित योजनाओं में जुड़े। इससे पता चलता है कि निवेशकों की दिलचस्पी बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों में बनी हुई है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में उद्योग में करीब 27 लाख नए फोलियो जुड़े। इसके साथ कुल फोलियो की संख्या अगस्त 2026 के 28.35 करोड़ से बढ़कर 28.62 करोड़ हो गई। इस दौरान इसमें मासिक आधार पर 0.96 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने के बावजूद म्यूचुअल फंड उद्योग का निवेशक आधार लगातार बढ़ रहा है। सितंबर 2025 में कुल फोलियो की संख्या करीब 25.2 करोड़ थी, जो अगले 12 महीनों में लगातार बढ़कर सितंबर 2026 में 28.62 करोड़ हो गई।
सितंबर 2026 में इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंड योजनाओं में सबसे ज्यादा नए फोलियो जुड़े। इस दौरान करीब 17.69 लाख नए खाते जुड़े। इक्विटी कैटेगरी में सबसे ज्यादा फोलियो स्मॉलकैप फंड्स के थे। इसके बाद मिडकैप, फ्लेक्सीकैप, थीमैटिक और लार्जकैप फंड्स का स्थान रहा।
इन पांचों कैटेगरीज की कुल हिस्सेदारी म्यूचुअल फंड उद्योग के कुल फोलियो में 46.23 फीसदी रही। स्मॉलकैप फंड्स में करीब 3 करोड़ फोलियो थे। इस तरह प्रमुख इक्विटी आधारित योजनाओं में इनका स्थान सबसे ऊपर रहा। इसके बाद मिडकैप फंड्स में 2.7 करोड़ और फ्लेक्सीकैप फंड्स में 2.5 करोड़ फोलियो थे।
थीमैटिक फंड्स में करीब 2.4 करोड़ फोलियो थे, जबकि लार्जकैप फंड्स में इनकी संख्या 1.7 करोड़ रही। सेक्टोरल इक्विटी फंड्स की भी अच्छी हिस्सेदारी रही और इनमें करीब 1 करोड़ फोलियो दर्ज किए गए। डेट म्यूचुअल फंड कैटेगरी में 30 सितंबर 2026 तक सबसे ज्यादा फोलियो लिक्विड फंड्स के थे। इसके बाद अल्ट्रा शॉर्ट ड्यूरेशन और शॉर्ट ड्यूरेशन फंड्स का स्थान रहा।
फोलियो की संख्या में बढ़ोतरी के साथ म्यूचुअल फंड उद्योग के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में भी विस्तार हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के अंत में भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग की तिमाही औसत प्रबंधन अधीन संपत्ति (QAAUM) 89.51 लाख करोड़ रुपये रही। इसमें तिमाही आधार पर 4.9 फीसदी और सालाना आधार पर 14.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

