पॉलिसी बाजार इकलौता स्टॉक, एक घंटे में ही 52 हफ्ते का लो और हाई बनाया, 36 पर्सेंट टूटा, 30,000 करोड़ का नुकसान
मुंबई- बीमा नियामक इरडाई के एक फैसले ने पॉलिसीबाजार के शेयरों को तहस नहस कर दिया है। यह एकमात्र ऐसा इकलौता शेयर है जिसने केवल एक घंटे में ही 52 हफ्ते का लो और हाई बनाया। गुरुवार को इसके शेयरों में 36 पर्सेंट की भारी गिरावट आई। इससे इसका मार्केट कैप 30,000 करोड़ रुपये घट गया।
इसका मतलब किसी ने इस शेयर में एक लाख रुपये का निवेश किया होगा तो वह रकम महज एक दिन में ही घटकर 64,000 रुपये रह गई। पॉलिसीबाजार के शेयरों में इस भारी गिरावट से निवेशकों की सांसें अटक गई हैं। इस गिरावट के कारण साल भर की जो कमाई निवेशकों ने की थी वह सारी खत्म हो गई।
पॉलिसीबाजार का शेयर बुधवार को 1886 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। गुरुवार को यह खुलते ही धराशाई हो गया और बाजार बंद होते समय इसमें 36 पर्सेंट की गिरावट आई और यह 1210 रुपये पर बंद हुआ। यानी एक दिन में इसमें 676 रुपये का हर शेयर पर निवेशकों को घाटा हुआ। मंगलवार को इस शेयर में करीब पांच फीसदी की तेजी आई थी।
एमके ग्लोबल का कहना है कि PB फिनटेक का बिजनेस मॉडल अब सबकी नजर में रहेगा, क्योंकि कंपनी को हेल्थ रिन्यूअल और पोर्टिंग कमीशन, पहले साल के टर्म लाइफ कमीशन, और मोटर ओन-डैमेज व थर्ड-पार्टी कमीशन में भारी कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
नए बिजनेस से मिलने वाले कमीशन में कमी के कारण PB फिनटेक की कमाई पर जोखिम है। जेफ़रीज़ का कहना है कि कमीशन दरों में 10% की कटौती से PB फिनटेक की कमाई में 10-12% की गिरावट आ सकती है। बर्नस्टीन का कहना है कि कमीशन में कटौती का प्रस्तावित स्तर उम्मीद से कहीं ज़्यादा है और इससे PB फिनटेक पर सबसे ज़्यादा असर पड़ने की संभावना है।
