एसएस रिटेल के आईपीओ के निवेशक मालामाल, एक लाख का निवेश बना 1.51 लाख
मुंबई- कई ब्रांड्स के मोबाइल-टीवी और एक्सेसरीज बेचने वाली एसएस रिटेल के शेयरों में निवेशक मालामाल हो गए। बुधवार को इसका शेयर आईपीओ के भाव की तुलना में 51 फीसदी ऊपर लिस्ट हुआ। यानी एक लाख रुपये का निवेश इसमें 1.51 लाख रुपये हो गया।
कंपनी का आईपीओ 107 गुना से अधिक भरा था। आईपीओ के तहत ₹424 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं।आज BSE पर इसकी ₹639.10 और NSE पर ₹624.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को करीब 51% का लिस्टिंग गेन (SS Retail Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में फीकी हो गई जब शेयर टूट गए लेकिन फिर यह संभल भी गया।
पहले तो टूटकर BSE पर यह ₹603.00 तक आया। इस निचले स्तर से यह रिकवर होकर ₹766.90 तक पहुंच गया। ऊपरी स्तर पर मुनाफवसूली के चलते यह थोड़ा नरम पड़ा और दिन के आखिरी में ₹765.15 (SS Retail Share Price) पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 80.46% मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक फायदे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹25 के डिस्काउंट पर मिला है।
एसएस रिटेल का ₹500 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-18 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धमाकेदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 107.41 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 214.22 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 150.33 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 35.81 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 2.72 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹360 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹140 करोड़ के 33,01,884 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹12.45 करोड़ दो वित्त वर्षों में नए स्टोर्स के सेटअप में फिट आउट्स के कैपिटल एक्सपेंडिचर, ₹241.35 करोड़ वर्किंग कैपिटल की बढ़ी हुई जरूरतों, ₹79.75 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹36.69 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 49% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹59.28 करोड़ और टोटल इनकम करीब 40% के सीएजीआर से ₹2,352.85 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹162.59 करोड़ का टोटल कर्ज था।

