एआई के लिए इंसान तैयार नहीं, साइबर अटैक और डीपफेक का खतरा- बिल गेट्स

मुंबई- माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि AI दुनियाभर में करोड़ों नौकरियां खत्म कर देगा, जिससे सबसे बड़ा नुकसान युवा पीढ़ी को ही उठाना पड़ेगा। इंसान AI के लिए अभी तैयार नहीं है। इससे न सिर्फ साइबर अटैक और डीपफेक का खतरा बढ़ेगा, बल्कि जॉब मार्केट में एंट्री करने वाले युवाओं को शुरुआती मौके मिलना भी बंद हो जाएंगे।

‘द टर्बुलेंट एआई एरा इज हियर’ ब्लॉग में गेट्स ने कहा कि दुनिया को AI के कारण आने वाले इस तेज बदलाव के लिए तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। यह बदलाव सिर्फ रोजगार ही नहीं, बल्कि सरकारों, बिजनेस और मानवीय रिश्तों तक को प्रभावित करने वाला है।

बिल गेट्स का कहना है कि AI का दौर मानव इतिहास का सबसे उथल-पुथल वाला समय है। पुराने जमाने में तकनीकी बदलावों को आने में सदियां लग जाती थीं, लेकिन एआई अगले 10 साल में ही कई बड़े उद्योगों को पूरी तरह बदल देगा। अगर सरकारों ने समय रहते सही नीतियां नहीं बनाईं, तो भविष्य में नई नौकरियां बहुत कम पैदा होंगी और बेरोजगारी तेजी से बढ़ेगी।

बिल गेट्स के मुताबिक, एआई के आने से सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को होगा। भविष्य में कंपनियों के पास शुरुआती स्तर (एंट्री-लेवल) का काम एआई खुद कर देगा, जिससे नई वैकेंसी बहुत कम हो जाएंगी। ऐसे में युवाओं के लिए करियर की शुरुआत करना और सीनियर कर्मचारियों से काम सीखना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

बिल गेट्स ने चेतावनी दी कि जैसे-जैसे एआई बेहतर होगा, वैसे-वैसे इंटरनेट पर होने वाले फ्रॉड, डीपफेक वीडियो, झूठी खबरें और साइबर हमले रोकना बेहद मुश्किल हो जाएगा। इसके कारण अपराधियों और हैकर्स के हाथ में बहुत ताकतवर हथियार आ जाएंगे। यही नहीं, इस बात का भी बड़ा रिस्क है कि खुद कई देशों की सरकारें भी इन AI सिस्टम्स का गलत और खतरनाक इस्तेमाल करने लगें।

बिल गेट्स के मुताबिक, एआई का खतरा सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऑफिस में बैठकर काम करने वाले प्रोफेशनल्स को तेजी से प्रभावित करेगा। कानून, मेडिकल, कस्टमर सर्विस, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर्स में एआई इंसानों का काम खुद करने लगेगा। इसके अलावा, भविष्य में जो नई नौकरियां आएंगी भी, उनके लिए बहुत हाई-लेवल स्किल्स की जरूरत होगी जिन्हें सीखने में कई साल लग जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *