इस कंपनी के हर शेयर पर 300 रुपये का फायदा होने का अनुमान, जानिए कारण
मुंबई- सोना-चांदी के कारोबार और डिजिटल गोल्ड प्लेटफॉर्म से जुड़ी कंपनी ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज का आईपीओ खुल गया है। यह 25 अगस्त को बंद होगा। इसके शेयरों की खुदरा निवेशकों के बीच मजबूत मांग देखी जा रही है। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) हाई है। इसका भाव प्रति शेयर 750 से 788 रुपये है। जबकि ग्रे मार्केट में हर शेयर पर 300 रुपये का फायदा मिलने का अनुमान है।
कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए बाजार से कुल ₹825 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। इसमें ₹620 करोड़ के फ्रेस इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि ₹205 करोड़ का हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत रखा गया है।
अनलिस्टेड मार्केट में ऑगमॉन्ट एंटरप्राइजेज के शेयर ₹300 के GMP पर ट्रेड कर रहे हैं। यह इसके अपर प्राइस बैंड ₹788 का लगभग 38 प्रतिशत है। इस आधार पर इसकी लिस्टिंग 1088 रुपये के आसपास होने की उम्मीद है। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम पूरी तरह से बाजार की मौजूदा स्थिति पर निर्भर करता है और लिस्टिंग के दिन तक इसमें बदलाव होना संभव है।
Augmont Enterprises का इश्यू पहले दिन ही पूरी तरह से भर गया। सबसे अधिक नॉन-इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स के कोटे में सब्सक्राइब किया गया। इस कोटे में यह 1.51 गुना भरा। वहीं, रिटेल सेगमेंट में भी बंपर डिमांड देखने को मिली और यह 1.41 गुना भरा है। इसके अलावा, क्वालिफाइड इंस्टिट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में सबसे कम 0.05 गुना बोलियां मिलीं।
ब्रोकरेज हाउसेज ने इस इश्यू को लेकर पॉजिटिव रुख अपनाया है। कुंवरजी वेल्थ सॉल्यूशंस ने कहा कि दक्षिण भारत में कंपनी की मजबूत उपस्थिति, बेहतर ब्रांड वैल्यू और गोल्ड रिफाइनिंग से लेकर ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग तक का फैला हुआ कारोबार इसे लॉन्ग टर्म के लिए एक मजबूत ऑप्शन बनाता है।
बीपी वेल्थ ने भी ठोस वित्तीय स्थिति, आकर्षक वैल्यूएशन और सोने के बाजार में बढ़ते डिजिटलाइजेशन का हवाला देते हुए इसमें पैसा लगाने की सलाह दी है। इसके अलावा, वेंचुरा सिक्योरिटीज, स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट, रेलिगेयर ब्रोकिंग, केसी सिक्योरिटीज और एसएमआईएफएस ने भी निवेशकों को इस आईपीओ को सब्सक्राइब करने का सुझाव दिया है।

