भाई को देखने जा रहे अतीक अहमद के बेटे की मौत, पुलिस ने शुरू किया जांच

मुंबई- उत्तर प्रदेश के खूंखार माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के एक और बेटे की मौत हो गई। अबान अहमद अतीक का सबसे छोटा बेटा था। उसकी दो लोगों के साथ झांसी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अरविंद कुमार ने बताया कि दिवंगत माफिया अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था। कार पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही थी और अचानक बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को सुबह साढ़े 10 बजे मिली। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 21 वर्षीय अबान अहमदऔर उसके 25 वर्षीय दोस्त सोनू की मौत हो गई। मूर्ति ने बताया कि हादसे में घायल कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि वे सभी प्रयागराज के ही रहने वाले हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मूर्ति ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार की गति बहुत तेज थी। उन्होंने कहा, ‘घायल यात्रियों में से एक ने हमें बताया कि गाड़ी बहुत तेज गति से गुजर रही थी और डिवाइडर से टकराने से पहले बेकाबू हो गई थी।’

दुर्घटनाग्रस्त हुई कार में सवार रहे अबान के घायल दोस्त मोहम्मद उमर ने संवाददाताओं को बताया कि वे अबान के भाई से मिलने झांसी जेल जा रहे थे, तभी कार बेकाबू हो गई और यह हादसा हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि अबान के शव को प्रयागराज के कसारी मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, जहां उसके परिवार के दूसरे सदस्यों को भी दफनाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा और अहजम का जुड़वां भाई था। पांच भाइयों में से उमर और अली अभी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं। अतीक का एक और बेटा असद अप्रैल, 2023 में झांसी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल, 2023 को पत्रकार बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *