मैग्मा को खरीदकर कारोबारी रामदेव अब बीमा भी बेचेंगे, रेगुलेटर से मिली मंजूरी

मुंबई- आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स के जरिए FMCG सेक्टर में तहलका मचाने के बाद अब रामदेव अब बीमा भी बेचेंगे। उनकी कंपनी ‘पतंजलि’ फाइनेंशियल सर्विसेज में धमाकेदार एंट्री करने जा रही है। बीमा नियामक IRDAI ने पतंजलि द्वारा ‘मैग्मा जनरल इंश्योरेंस’ के अधिग्रहण को अपनी मंजूरी दे दी है। यह पूरा सौदा करीब ₹4,500 करोड़ में तय हुआ है।

इस डील की खास बात यह है कि नया लाइसेंस लेने के लंबे पचड़े में फंसने के बजाय पतंजलि एक स्थापित इंश्योरेंस कंपनी को खरीदकर सीधे बाजार में कब्जा जमाने की रणनीति पर काम कर रही है। नियामक ने 28 जुलाई 2026 के पत्र के जरिए इस अधिग्रहण को हरी झंडी दी है।यह मंजूरी पत्र जारी होने की तारीख से अगले 3 महीने तक मान्य रहेगी।

इस डील के तहत पतंजलि आयुर्वेद 73.6% हिस्सेदारी खरीदेगी, जबकि धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप 24.5% हिस्सेदारी का मालिक बनेगा। इससे पहले इस कंपनी की सबसे बड़ी हिस्सेदार सनोटी प्रॉपर्टीज (आदार पूनावाला समूह) थी। IRDAI की मंजूरी मिलने के बाद अब पतंजलि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की प्रमोटर कंपनी बन जाएगी।

इस डील की शुरुआत मार्च 2025 में हुई थी, जब पतंजलि-एलेड बायर ग्रुप और मौजूदा शेयरधारकों के बीच शेयर परचेज एग्रीमेंट (SPA) पर दस्तखत किए गए थे। 12 मार्च 2025 को कंपनी ने एक्सचेंजों को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद regulatory समीक्षा प्रक्रिया में देरी के कारण 12 मार्च 2026 को एग्रीमेंट की लॉन्ग-स्टॉप डेट (समय सीमा) को आगे बढ़ाया गया था।

सभी जरूरी औपचारिकताएं, लीगल प्रोसेस और कांट्रैक्ट से जुड़ी शर्तें पूरी होने के बाद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का ओनरशिप ट्रांसफर पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही इंश्योरेंस सेक्टर में रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के पतंजलि ग्रुप की मौजूदगी और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *