सॉवरेन गोल्ड बांड में 3 लाख रुपये का निवेश 6 साल में बन गया 9.25 लाख
मुंबई- सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में पैसा लगाने वाले मालामाल हो गए हैं। दरअसल सोने की बढ़ती कीमतों के लिए निवेशकों को तीन गुना से ज्यादा मुनाफा महज 6 साल में हो गया है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने SGB 2020-21 सीरीज I का प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस 14,159 रुपये प्रति यूनिट तय कर दिया है। यह वही बॉन्ड है, जो 28 अप्रैल 2020 को ऑनलाइन खरीदारों को 4,589 रुपये प्रति ग्राम में मिला था। इस हिसाब से जिसने उस वक्त इसमें 3 लाख रुपये लगाए थे, उसका पैसा अब करीब 9,25,620 रुपये हो चुका है।
RBI के मुताबिक निवेशक 28 अक्तूबर के बाद इस किस्त को समय से पहले भुना सकते हैं। 2020 में सोने के बांड की खरीद का भाव था 4,589 रुपये प्रति ग्राम और आज का भाव है 14,159 रुपये प्रति यूनिट। दोनों के बीच का फर्क है 9,570 रुपये। मतलब हर एक यूनिट पर निवेशक को 9,570 रुपये का सीधा फायदा हो रहा है।
9,570 रुपये को 4,589 रुपये से भाग देकर 100 से गुणा करें, तो आंकड़ा आता है करीब 208.54%। यानी पैसा तीन गुना से भी ज्यादा हो गया है। ये पूरा हिसाब सिर्फ सोने के भाव में आई तेजी का है। इस दौरान निवेशक को जो ब्याज मिलता रहा, वो इसमें शामिल नहीं है। यानी असल कमाई इससे भी ज्यादा बैठती है।

