E20 पेट्रोल से गाड़ी खराब, तो कंपनियां मुफ्त में बदलेंगी पुर्जे, सरकार का आदेश
मुंबई- 20% एथेनॉल मिक्स पेट्रोल से गाड़ी खराब होने पर कंपनियां फ्री में पार्ट्स बदलेंगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे E20 फ्यूल से प्रभावित पुरानी गाड़ियों (2023 से पहले की) के पार्ट्स को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के बदलें।
उन्होंने E20 फ्यूल से सोशल मीडिया पर गाड़ियों के खराब होने या नुकसान की खबरों को पूरी तरह से गलत बताया और कहा कि यह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया एक झूठा नैरेटिव है। हालांकि, पुरानी गाड़ियों का माइलेज कम होने की बात मानी है।
गडकरी ने कहा कि सर्विसिंग के लिए जाने वाली पुरानी कारों में पहले वॉशर्स मेटल (धातु) के बने होते थे, जबकि अब ये रबर के बनाए जा रहे हैं। हमने कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सर्विसिंग के दौरान ग्राहकों से बिना कोई एक्स्ट्रा चार्ज लिए इन वॉशर्स को बदला जाए।
एथेनॉल का ऑक्टेन नंबर हाई होता है और इसमें एंटी-नॉकिंग प्रॉपर्टीज यानी इंजन में आवाज न होने देने की क्षमता बेहतर होती है। मैं 2004 से इसे प्रमोट कर रहा हूं। E20 पेट्रोल से माइलेज थोड़ा कम होता है, क्योंकि पेट्रोल के मुकाबले एथेनॉल की कैलोरिफिक वैल्यू (यानी ऊर्जा क्षमता) कम होती है।

