मस्क की नेटवर्थ एक हफ्ते में रिकॉर्ड 33 लाख करोड़ घटी, स्पेसएक्स 16 फीसदी टूटा
मुंबई- दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने के कुछ दिनों बाद ही टेस्ला के मालिक एलन मस्क की नेटवर्थ में अब तक की रिकॉर्ड गिरावट आई है। उनकी रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में आई 16% की गिरावट की वजह से मस्क की नेटवर्थ सिर्फ एक हफ्ते में करीब 33.13 लाख करोड़ रुपए कम हो गई है।
स्पेसएक्स के शेयरों में आई गिरावट के बाद मस्क की संपत्ति 1.45 ट्रिलियन डॉलर से घटकर अब 1.1 ट्रिलियन डॉलर यानी 104.15 लाख करोड़ पर आ गई है। यह गिरावट इतनी बड़ी है कि इसका कुल साइज दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति लैरी पेज की टोटल नेटवर्थ लगभग 26.98 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।
मस्क 12 दिन पहले अपनी रॉकेट, सैटेलाइट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी स्पेसएक्स की अमेरिकी बाजार में लिस्टिंग के बाद दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे। IPO के शुरुआती तीन कारोबारी दिनों में निवेशकों के लगातार निवेश के चलते स्पेसएक्स के शेयर 67% तक उछल गए थे, जिससे कंपनी की वैल्यूएशन 1.8 ट्रिलियन डॉलर (170 लाख करोड़ रुपए) के पार पहुंच गई थी।
शुरुआती तेजी के बाद स्पेसएक्स के स्टॉक में लगातार तीन सेशन में गिरावट देखी गई। इस बिकवाली से कंपनी की मार्केट वैल्यू लगभग 928 बिलियन डॉलर यानी करीब 87.84 लाख करोड़ रुपए घट गई। कंपनी की कुल वैल्यूएशन भी अपने हाई लेवल 2.9 ट्रिलियन डॉलर से गिरकर अब सिर्फ 2 ट्रिलियन डॉलर यानी 189 लाख करोड़ रुपए के आस-पास आ गई है।
इलॉन मस्क के लिए व्यक्तिगत संपत्ति का यह पहला बड़ा नुकसान नहीं है। इससे पहले साल 2022 में टेस्ला के शेयरों में आई गिरावट के दौरान उन्होंने लगभग 165 बिलियन डॉलर यानी 15.62 लाख करोड़ रुपए गंवाए थे। तब भी उनके नाम किसी व्यक्ति द्वारा गंवाई गई सबसे बड़ी व्यक्तिगत संपत्ति का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। मस्क की संपत्ति का बड़ा हिस्सा स्पेसएक्स में उनकी 38% हिस्सेदारी, टेस्ला में 11% हिस्सेदारी और अन्य स्टार्टअप्स में उनके मालिकाना हक से जुड़ा हुआ है।

