नोएल टाटा ट्रेंट के चेयरमैन पद से हटेंगे, 74वीं एजीएम में लिया नोएल ने फैसला
मुंबई- नोएल टाटा ट्रेंट के चेयरमैन पद से इस्तीफा देंगे। कंपनी की 74वीं सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए कहा, “जैसा कि आप जानते होंगे, चेयरमैन के रूप में यह मेरी आखिरी वार्षिक आम बैठक होगी।वेस्टसाइड और जूडियो जैसे बड़े फैशन ब्रांड्स को ऑपरेट करने वाली टाटा समूह की कंपनी ‘ट्रेंट’ के चेयरमैन पद से नोएल टाटा का हटना एक बड़ा फैसला है। उनके नेतृत्व में कंपनी बेंगलुरु के एक सिंगल स्टोर से बढ़कर आज भारत की लीडिंग फैशन और लाइफस्टाइल दिग्गज बन चुकी है।
नोएल नवंबर में 70 साल के होने जा रहे हैं। वे टाटा संस के सबसे बड़े शेयरहोल्डर ‘टाटा ट्रस्ट्स’ के भी चेयरमैन हैं। कंपनी एक्ट 2013 के नियमों के मुताबिक, किसी भी मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर को 70 साल या उससे अधिक उम्र होने पर पद पर बने रहने या दोबारा नियुक्त होने की अनुमति नहीं है।
नोएल टाटा की चेयरमैनशिप में ट्रेंट ने भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 (FY26) में 79 नए शहरों में कदम रखा और 289 नए स्टोर्स जोड़े। इसके साथ ही कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 321 शहरों में 1,286 हो गई, जो 12 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स को सेवाएं दे रहे हैं। कंसोलिडेटेड बेसिस पर, कंपनी का कुल रेवेन्यू ₹20,074 करोड़ रहा और टैक्स से पहले का मुनाफा ₹2,259 करोड़ दर्ज किया गया।

