वेदांता के शेयरधारक खुश, अब इस दिन शेयर बाजारों में लिस्ट होंगी चार कंपनियां
मुंबई- वेदांता के डिमर्जर की प्रक्रिया 15 जून को एक बड़े पड़ाव पर पहुंचने जा रही है। कंपनी से अलग बनाई गई चार नई कंपनियां NSE और BSE पर स्वतंत्र रूप से लिस्ट होकर कारोबार शुरू करेंगी।
एक्सचेंज की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, Vedanta Aluminium Metal Ltd (VAML), Vedanta Power Ltd (VEDPOWER), Vedanta Iron and Steel Ltd (VISL) और Vedanta Oil and Gas Ltd (VOGL) दोनों एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगी। नियमित ट्रेडिंग शुरू होने से पहले इन शेयरों के लिए नए लिस्टेड शेयरों की तरह विशेष प्री-ओपन सेशन भी आयोजित किया जाएगा।
ये चारों कंपनियां 1 मई 2026 से वेदांता लिमिटेड से अलग हो चुकी हैं। वेदांता के शेयरधारकों को कंपनी के प्रत्येक एक शेयर के बदले इन चारों नई कंपनियों का एक-एक शेयर दिया गया है। पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए 1 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई थी।
यह लिस्टिंग वेदांता की लंबे समय से चल रही डिमर्जर योजना का अहम हिस्सा है। समूह का कहना है कि अलग-अलग कारोबार को स्वतंत्र कंपनियों में बदलने से वैल्यू अनलॉक होगी। इससे हर बिजनेस अपने सेक्टर पर ज्यादा फोकस कर सकेगा। साथ ही निवेशकों को अलग-अलग कारोबार में सीधे निवेश का मौका मिलेगा। इन कंपनियों का कारोबार एल्युमिनियम, पावर, आयरन एंड स्टील और ऑयल एंड गैस जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है।
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा था कि डिमर्जर के बाद सभी कंपनियां मजबूत स्वतंत्र मैनेजमेंट टीम के साथ काम करेंगी। उनका कहना था कि इससे हर कंपनी अपने कारोबार पर ज्यादा फोकस कर पाएगी और तेजी से विकास कर सकेगी। अनिल अग्रवाल ने कहा था कि ग्रुप भविष्य के प्रोजेक्ट में करीब 20 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रहा है।

