मोदी के मेलोडी गिफ्ट का असर, 22 दिन में पार्ले इंडस्ट्रीज का शेयर 116 फीसदी भागा
मुंबई- पीएम नरेंद्र मोदी पिछले महीने इटली दौरे पर प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘Melody’ टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया। इसके वीडियो के वायरल होने से निवेशकों का ध्यान मेलोडी बनाने वाली कंपनी पारले की तरफ गया। और उन्होंने पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारी करनी शुरू कर दी।
ये मेलोडी टॉफी पारले प्रोडक्ट्स बनाती है, जो शेयर बाजार में लिस्ट ही नहीं है। इसके बावजूद निवेशकों को कोई फर्क ने पड़ा और उन्होंने लगातार पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी जारी रखी। मुंबई की पार्ले इंडस्ट्रीज इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट डेवलपमेंट और पेपर वेस्ट रीसाइक्लिंग के कारोबार में काम करती है। पारले प्रोडक्ट्स के वाइस प्रेसिडेंट मयंक शाह भी साफ कर चुके हैं कि पारले इंडस्ट्रीज बिल्कुल ही अलग कंपनी है। लोग सिर्फ नाम की समानता की वजह से भ्रम में हैं।
मेलोडी टॉफी वाला मामला 20 मई का है। उस दिन पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 5 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। और मेलोडी वाली खबर के बाद अपर सर्किट के साथ 5.25 रुपये पर पहुंच गया। उसके बाद चुनिंदा ट्रेडिंग सेशन को छोड़ दें, तो इस स्टॉक में लगातार अपर सर्किट ही लग रहा है।
गुरुवार, 11 जून को भी स्टॉक 5 पर्सेंट के अपर सर्किट के साथ 10.81 रुपये पर पहुंच गया। यानी पिछले 22 दिनों में ही पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में 116% का उछाल आ चुका है। पारले प्रोडक्ट्स FMCG कंपनी है। इसके पास Parle-G, Melody, Monaco, KrackJack और Hide & Seek जैसे लोकप्रिय ब्रांड हैं।

