चांदी एक दिन में 12,655 रुपये टूटकर 2.33 लाख रुपये, 10 दिन में 30,000 सस्ती
मुंबई- मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से सोने-चांदी के दाम में गिरावट रही। सोने के दाम 5,373 रुपए गिरकर 1.47 लाख रुपए हो गए हैं। एक किलो चांदी की कीमत 12,655 रुपए घटकर 2.33 लाख रुपए पर आ गई है। 31 मई को चांदी की कीमत 2.63 लाख रुपए थी। यानी 10 दिन में ही ये 30 हजार रुपए सस्ती हो गई। इस दौरान सोने की कीमत 9 हजार रुपए कम हुई है।
इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 29 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
चांदी के कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक 132 दिन में चांदी 1.53 लाख रुपए सस्ती हो गई है। अब बाजार का ध्यान फिर से वैश्विक आर्थिक संकेतकों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर लौट आया है। इसी वजह से निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है और सोने पर दबाव बढ़ा है।
जानकारों का कहना है कि आयात शुल्क बढ़ने के बाद सोना बहुत तेजी से 1.65 लाख रुपये के लक्ष्य तक पहुंच गया था। लेकिन यह तेजी नीतिगत फैसले की वजह से थी। इसके बाद कई निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफा वसूला। सोने के लिए अगला महत्वपूर्ण सपोर्ट 1,45,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। अगर कीमतें और कमजोर होती हैं, तो यह स्तर अहम साबित हो सकता है।

