HDFC म्यूचुअल फंड ने गोल्ड ETF में अब बड़े लंपसम निवेश पर लगाई रोक

मुंबई- HDFC म्यूचुअल फंड ने अपने गोल्ड ETF और गोल्ड ETF फंड ऑफ फंड (FoF) में लंपसम इन्वेस्टमेंट यानी एकमुश्त निवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। फंड हाउस का कहना है कि मौजूदा आर्थिक और बाजार हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

HDFC Gold ETF में बड़े निवेशकों द्वारा सीधे फंड हाउस के माध्यम से किए जाने वाले सब्सक्रिप्शन 8 जून 2026 से स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यह नियम उन निवेशकों पर लागू होगा जो 25 करोड़ रुपये या उससे अधिक का निवेश करना चाहते हैं।

HDFC Gold ETF Fund of Fund में निवेश करने वालों के लिए भी नई सीमा तय की गई है। अब इस योजना में खरीद और स्विच-इन ट्रांजैक्शन प्रति PAN प्रति कैलेंडर माह अधिकतम 10 लाख रुपये तक ही स्वीकार किए जाएंगे। यह सीमा पहले होल्डर के स्तर पर लागू होगी। यह नियम 5 जून 2026 को दोपहर 3 बजे के कट-ऑफ समय के बाद मिलने वाले सभी ट्रांजैक्शनों पर लागू होगा।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार ने 13 मई 2026 से सोने और चांदी के आयात पर लगने वाला प्रभावी टैक्स 9.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 18.4 प्रतिशत कर दिया है। टैक्स बढ़ने के बाद से सोने के बाजार में भी हलचल देखी जा रही है।

ग्लोबल मार्केट में मजबूती के चलते गुरुवार को दिल्ली में सोने की कीमत में 700 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *