आईटीसी का फायदा 74 प्रतिशत घटकर 5,113 करोड़, 8 रुपये का डिविडेंड मिलेगा
मुंबई- FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी ITC का मुनाफा 74 फीसदी घटकर मार्च तिमाही में 5,113 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में ITC का मुनाफा 19,807.88 करोड़ रुपये था। कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर आई तेज गिरावट की मुख्य वजह यह रही कि Q4FY25 में होटल कारोबार के डीमर्जर के बाद आईटीसी को 15,179 करोड़ रुपये का एकमुश्त लाभ (वन-टाइम गेन) दर्ज हुआ था। मुनाफे में इस भारी गिरावट के बावजूद कंपनी ने शेयरहोल्डर्स को प्रति शेयर 8 रुपये के डिविडेंड का तोहफा दिया।
चौथी तिमाही में ITC का ऑपरेशन से रेवेन्यू 17 फीसदी बढ़कर 23,821.48 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का मुनाफा 40 फीसदी घटकर 21,018.15 करोड़ रुपये रह गया, जबकि FY25 में यह 35,052.48 करोड़ रुपये था। वहीं, FY26 में रेवेन्यू बढ़कर 89,913.33 करोड़ रुपये हो गई, जो FY25 के 81,612.78 करोड़ रुपये के मुकाबले 10.2 फीसदी ज्यादा है।
ITC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 8 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। डिविडेंड पाने के लिए रिकॉर्ड डेट बुधवार, 27 मई तय की गई है, जबकि डिविडेंड का भुगतान शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 से बुधवार, 29 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा। 27 फरवरी 2026 को दिए गए 6.50 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मिलाकर वित्त वर्ष 2026 के लिए कुल डिविडेंड 14.50 रुपये प्रति शेयर हो गया है।

