यह सरकारी बैंक देगा मजबूत डिविडेंड, तिमाही में हुआ 2014 करोड़ रुपये का लाभ
मुंबई- सरकारी बैंक Bank of Maharashtra का चौथी तिमाही यानी जनवरी से मार्च के दौरान मुनाफा 35% बढ़कर ₹2,014 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,493 करोड़ था। मुनाफे में यह बढ़त कोर इनकम बढ़ने और खराब लोन घटने की वजह से आई है।
तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर ₹8,693 करोड़ हो गई, जो पिछले साल ₹7,711 करोड़ थी। ब्याज से होने वाली कमाई यानी इंटरेस्ट इनकम भी बढ़कर ₹7,755 करोड़ पहुंच गई, जो पहले ₹6,731 करोड़ थी। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में भी 19% की बढ़त दर्ज हुई और यह ₹3,702 करोड़ रही, जबकि पिछले साल यह ₹3,116 करोड़ थी।
बैंक का लोन बुक 22% बढ़कर ₹2.92 लाख करोड़ हो गया, जो मजबूत क्रेडिट ग्रोथ को दिखाता है। वहीं कुल डिपॉजिट 14% बढ़कर ₹3.50 लाख करोड़ हो गए, जो पहले ₹3.07 लाख करोड़ थे। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने चालू वित्त वर्ष में ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए ₹7,500 करोड़ जुटाने की योजना बनाई है। इसमें ₹5,000 करोड़ इक्विटी से और ₹2,500 करोड़ कर्ज के जरिए जुटाए जाएंगे।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का मुनाफा 27% बढ़कर ₹7,019 करोड़ हो गया, जो पहले ₹5,520 करोड़ था। कुल आय बढ़कर ₹32,823 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले साल ₹28,402 करोड़ थी। रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) बढ़कर 1.86% हो गया, जो पहले 1.75% था। हालांकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) थोड़ा घटकर 3.9% रह गया, जो पहले 4.01% था।

