शेयर बाजार पर रिटेल इनवेस्टर्स का भरोसा बरकरार, जमकर कर रहे हैं निवेश
मुंबई- शेयर बाजार में मार्च 2026 में गिरावट जरूर देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद रिटेल निवेशकों का भरोसा कमजोर नहीं पड़ा। म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की कुल वैल्यू (AUM) में गिरावट आई, फिर भी निवेश का फ्लो मजबूत बना रहा।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुल म्यूचुअल फंड AUM मासिक आधार पर 10.1% घटकर ₹73.7 लाख करोड़ पर आ गया। यह गिरावट लगभग सभी कैटेगरी- इक्विटी, लिक्विड, इनकम, ETF और बैलेंस्ड फंड में देखने को मिली। इक्विटी AUM भी 9.3% घटकर ₹35.1 लाख करोड़ रह गया, जो 11 महीने का सबसे निचला स्तर है। इस दौरान निफ्टी में 11.3% की गिरावट आई, जिसका सीधा असर म्यूचुअल फंड की वैल्यू पर पड़ा।
बाजार गिरने के बावजूद निवेशकों ने पैसा लगाना जारी रखा। ग्रॉस इक्विटी इनफ्लो 41.4% बढ़कर ₹1.024 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
वहीं, रिडेम्प्शन भी 24.6% बढ़कर ₹539 अरब हो गया। इसके बावजूद नेट इनफ्लो 17 महीने के उच्च स्तर ₹485 अरब तक पहुंच गया, जो फरवरी के ₹292 अरब से काफी ज्यादा है।
इस पूरे दौर में SIP निवेश ने बाजार को सहारा दिया। SIP के जरिए निवेश बढ़कर रिकॉर्ड ₹320.9 अरब पर पहुंच गया। यह आंकड़ा मासिक आधार पर 7.5% और सालाना आधार पर 23.8% ज्यादा है। इससे साफ है कि रिटेल निवेशक लगातार निवेश बनाए रखे हुए हैं, चाहे बाजार में उतार-चढ़ाव क्यों न हो।
डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (DII) के स्तर पर भी दिलचस्प ट्रेंड दिखा। घरेलू निवेशकों ने $15.4 बिलियन का निवेश किया, जिससे विदेशी निवेशकों के $14.2 बिलियन के आउटफ्लो का असर काफी हद तक संतुलित हो गया। बाजार में गिरावट के बावजूद रिटेल निवेशकों का भरोसा बना हुआ है। खासकर SIP के जरिए लगातार आने वाला पैसा बाजार को स्थिरता दे रहा है।

