निफ्टी में आ सकती है 11 पर्सेंट की गिरावट, बीएनपी पारिबा ने बताया यह कारण
मुंबई- ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म बीएनपी पारिबा (BNP Paribas) ने भारतीय शेयर बाजार को लेकर अपना रुख सतर्क कर लिया है। कच्चे तेल की कीमतों में हालिया उछाल के बाद ब्रोकरेज ने 2026 के लिए निफ्टी (Nifty) का टारगेट 11 प्रतिशत घटाकर 25,500 कर दिया है।
बीएनपी पारिबा ने चेतावनी दी है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, कमजोर अर्निंग्स का आउटलुक और विदेशी निवेशकों की सुस्ती बाजार की तेजी को सीमित कर सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद शेयर मार्केट को लेकर उम्मीदें अब पहले से काफी हद तक कम हो गई हैं।
BNP पारिबा के मुताबिक, अगर कच्चे तेल का भाव 85 से 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना रहता है, तो इससे भारत की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है। इससे कंपनियों की अर्निंग्स प्रभावित होगी और रिकवरी की उम्मीदें भी टल सकती हैं।
ब्रोकरेज के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का रुख अभी भी कमजोर बना हुआ है। ग्लोबल बाजारों मे AI-आधरित तेजी में भारत पीछे रह गया है और कमाई की रफ्तार भी धीमी है, जिससे निवेशकों का उत्साह कम हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का असर सर्विस सेक्टर की नौकरियों और खपत पर भी पड़ सकता है, जो लंबी अवधि में एक नई चुनौती बन सकता है।
BNP पारिबा ने अपनी सेक्टर रणनीति में बदलाव करते हुए डिफेंसिव सेक्टर्स को प्राथमिकता दी है। ब्रोकरेज को FMCG, टेलीकॉम और यूटिलिटी सेक्टर पसंद हैं, क्योंकि इनमें स्थिर कमाई और प्राइसिंग पावर होती है। हालिया गिरावट के बाद प्राइवेट बैंकों में बेहतर अवसर दिखाई दे रहा है, जबकि IT सेक्टर में वैल्यूएशन सुधार और रुपये की कमजोरी से मार्जिन सपोर्ट मिल सकता है।

