एलआईसी पहली बार फ्री में देगी शेयर, 13 अप्रैल को है यह अवसर, जानिए कारण
मुंबई- देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के शेयर बुधवार को 6% तक उछल गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देने पर विचार करने वाली है। LIC ने 7 अप्रैल को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आगामी 13 अप्रैल को बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
हालांकि, बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है। यह कदम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि साल 2022 में लिस्टिंग के बाद कंपनी पहली बार बोनस शेयर देने पर विचार कर रही है। अब तक LIC ने अपने निवेशकों को केवल डिविडेंड के जरिए ही रिटर्न दिया है।
इक्विटी शेयरों में ट्रेडिंग के लिए ट्रेडिंग विंडो फिलहाल बंद है और यह 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और वित्त वर्ष के नतीजों की घोषणा के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी। बोनस शेयर कंपनियां अपने फ्री रिजर्व्स को कैपिटलाइज करने के लिए जारी करती हैं। इसमें निवेशकों को बिना किसी अतिरिक्त लागत के अतिरिक्त शेयर मिलते हैं, इसलिए इन्हें “फ्री शेयर” भी कहा जाता है।
बोनस शेयर का लाभ सिर्फ उन्हीं निवेशकों को मिलेगा जो एक्स-डेट से पहले शेयर खरीदेंगे। एक्स-डेट या उसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक इस लाभ के पात्र नहीं होंगे। LIC में सरकार की हिस्सेदारी करीब 96.5% है, जिसके चलते बाजार में इसका फ्री फ्लोट काफी कम है। इसके बावजूद दिसंबर तिमाही के अंत तक करीब 21 लाख रिटेल निवेशकों के पास एलआईसी के शेयर थे और इनकी कंपनी में कुल हिस्सेदारी 1.52 फीसदी है।

